बताया जाता है कि ग्वारीघाट से शुरु होने वाली संस्कार कांवड़ यात्रा में महिला, पुरुष से लेकर बच्चे तक शामिल होते है, जो दूर दराज क्षेत्र से आते है। वे पूरी श्रद्धा व भक्ति के भाव से कंधो पर कांवर लेकर कैलाश धाम की ओर निकलते है। यह यात्रा शहर के अलग-अलग क्षेत्रों से घमापुर, सतपुला और शोभापुर व्हीकल मोड़ से गुजरेगी। इसी मार्ग पर करीब एक किलोमीटर सड़क की हालत खराब है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और कीचड़ है। ऐसे में हजारों कावडिय़ों के गुजरने के दौरान परेशानी के साथ पैरों में चोट लगने का खतरा भी है। हालांकि सड़क को दुरुस्त करने के लिए तैयारियां की जा रही है, सड़क पर मिट्टी डालकर समतल करने का काम किया जा रहा है, रोलर चलाया जा रहा है। केंट विधायक का कहना है कि सड़क को समतल करा दिया जाएगा, कांवडिय़ों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी, उनका यह दावा कितना सटीक होगा यह तो सोमवार को ही पता चल सकेगा। गौरतलब है कि संस्कार कावड़ यात्रा सोमवार सुबह 7 बजे गौरीघाट से शुरू होगी। बच्चे, बड़े और बुजुर्गों के साथ बड़ी संख्या में महिलाएं भी इसमें शामिल होंगी। यात्रा ग्वारीघाट, रामपुर, गोरखपुर, शास्त्रीब्रिज, मालवीय चौक, गंजीपुरा, बड़ा फुहारा, सराफा बाजार, खटीक मोहल्ला, फूटाताल, लकडग़ंज, कंजड़ मोहल्ला, घमापुर, कांचघर, सतपुला, गोकलपुर, रांझी होते हुए 33 किलोमीटर का सफर तय कर शाम 4 बजे कैलाश धाम पहुंचेगी। यात्रा के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था के लिए जिला प्रशासन, नगर निगम और पुलिस की टीमें मौजूद रहेंगी। रास्ते में कई समाजसेवी और संगठन कावडिय़ों का स्वागत भी करेंगे।
Tags
jabalpur