khabar abhi tak

जबलपुर-चुटका-मंडला नई रेल लाइन का फाइनल लोकेशन सर्वे कराने सांसद कुलस्ते ने रेलमंत्री से की मांग

जबलपुर/मंडला. पूर्व केंद्रीय मंत्री व मंडला से सांसद फग्गनसिंह कुलस्ते ने जबलपुर-मंडला-चुटका नई रेल लाइन के लिए पहल की है। उन्होंने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर इस परियोजना का फाइनल लोकेशन सर्वे (एफएलएस) शीघ्र कराने और इसे प्राथमिकता वाली नई रेल परियोजनाओं में शामिल करने का प्रस्ताव दिया है। यह जानकारी सांसद ने मंगलवार को मंडला प्रवास के दौरान दी।

कुलस्ते ने बताया कि मंडला जिले में निर्माणाधीन 2×700 मेगावाट की चुटका परमाणु विद्युत परियोजना के लिए मजबूत रेल संपर्क अत्यंत आवश्यक है। वर्तमान में परियोजना क्षेत्र तक सीधा रेल संपर्क नहीं है, जिससे भारी मशीनरी, रिएक्टर उपकरण, टर्बाइन, स्टील और सीमेंट जैसी सामग्री का परिवहन सड़क मार्ग से करना पड़ेगा। रेल कनेक्टिविटी से परिवहन की लागत और समय दोनों में कमी आएगी।

प्रस्तावित रेल लाइन का उद्देश्य चुटका परियोजना को सीधे जोडऩे के साथ-साथ मंडला को भी रेल नेटवर्क से जोडऩा है। सांसद ने जोर दिया कि परमाणु परियोजना के लिए भारी सामान पहुंचाने के लिए रेलवे एक सुरक्षित और प्रभावी माध्यम साबित हो सकता है। उन्होंने यह भी बताया कि इस नई रेल लाइन को न्यूक्लियर पॉवर प्लांट और रेलवे के संयुक्त प्रयासों से तैयार करने प्रस्तावित किया गया है। इस रेल लाइन से मंडला और आसपास के जनजातीय क्षेत्रों में रोजगार, व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार होने की उम्मीद है। इसके अतिरिक्त, कान्हा टाइगर रिजर्व, नर्मदा तट, सहस्रधारा, रामनगर किला और बरगी क्षेत्र जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान होगी, जिससे क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।

इन आदिवासी जिलों तक पहुंच आसान होगी

सांसद कुलस्ते के अनुसार, रेल संपर्क से कृषि और वनोपज को बड़े बाजारों तक पहुंचाना सुगम होगा। भविष्य में यह मंडला, डिंडौरी, बालाघाट और पूर्वी मध्यप्रदेश के अन्य क्षेत्रों में रेल कनेक्टिविटी के विस्तार का मार्ग भी प्रशस्त करेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह परियोजना चुटका परमाणु विद्युत परियोजना के साथ पूरे महाकौशल क्षेत्र के विकास को नई गति प्रदान करेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak