कटनी. एमपी के कटनी जिले के बरही नगर स्थित खन्ना बंजारी रेलवे साइडिंग पर शनिवार को कुटेश्वर लाइमस्टोन माइंस से जुड़े सैकड़ों श्रमिकों ने काम बंद कर हड़ताल कर दी। श्रमिकों ने ठेका कंपनी पर मजदूरों के शोषण और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराने का आरोप लगाते हुए प्रशासन से मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
मजदूरों का आरोप है कि जब वे अपनी समस्याओं को अधिकारियों के सामने रखते हैं, तो उनसे लिखित आवेदन देने को कहा जाता है। आवेदन देने पर ठेकेदार द्वारा उन्हें नोटिस देकर जेल भेजने या काम से निकालने की धमकी दी जाती है। मजदूरों ने यह भी बताया कि पूर्व में कार्यरत कुमार कार्गो कंपनी ने श्रमिकों का बकाया भुगतान नहीं किया है। इसमें रिटेंचमेंट बोनस और अन्य देय राशि भी शामिल है, जिसका भुगतान अब तक नहीं किया गया है।
श्रमिकों का आरोप है कि वर्तमान ठेका कंपनी भी उनका आर्थिक शोषण कर रही है। उन्हें निर्धारित मजदूरी से कम भुगतान किया जा रहा है और पर्याप्त काम भी नहीं मिल रहा है, जिससे उनके परिवारों के भरण-पोषण का संकट खड़ा हो गया है। इसके अतिरिक्त, श्रमिकों का कहना है कि उन्हें गुड़, शक्कर और नाश्ते के लिए मिलने वाली राशि का लाभ भी नहीं मिल रहा है। कार्यस्थल पर मजदूरों के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाओं का भी अभाव है।
हड़ताल पर बैठे श्रमिकों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, बकाया भुगतान की स्थिति स्पष्ट करने और मजदूरों को नियमानुसार मजदूरी तथा आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है। श्रमिकों का कहना है कि जब तक उनकी समस्याओं का उचित समाधान नहीं होता, तब तक वे अपनी हड़ताल जारी रखेंगे।
