जबलपुर। बंगाल की खाड़ी में बने मानसूनी सिस्टम के असर से जबलपुर में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। सोमवार देर शाम से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला लगातार जारी रहने से पूरा शहर तरबतर हो गया। पिछले 24 घंटों के दौरान लगभग 2 इंच बारिश दर्ज की गई, जिससे शहर की निचली बस्तियों में पानी भर गया। सुबह की झमाझम बारिश ने स्कूल जाने वाले बच्चों की राह मुश्किल कर दी, जबकि दोपहर में सुस्त रफ्तार के बीच सरकारी दफ्तरों में कामकाज शुरू हुआ। मंगलवार को साप्ताहिक अवकाश होने के बावजूद आगामी त्योहार के कारण खुले प्रमुख बाजारों में ग्राहकी बारिश के चलते प्रभावित रही। मौसम विभाग ने आगामी 2 से 3 दिनों तक रुक-रुक कर तेज और मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना जताई है।
उफनाए नालों से सड़कों पर फैला गंदा पानी
लगातार हो रही बारिश ने नगर निगम के ड्रेनेज दावों की हकीकत सामने ला दी है। केसरवानी कॉलेज के पास बने लोहिया पुल का नाला उफनने से आसपास का इलाका जलमग्न हो गया। जामदार हॉस्पिटल के सामने और गोलबाजार के चारों तरफ नालियों का पानी सड़कों पर बहने लगा। बलदेवबाग से उखरी मार्ग पर नाले की गंदगी और कचरा बाहर आ गया, जिससे सड़क पर 1 से 1.5 फुट तक पानी जमा रहा। इसी तरह चेरीताल, जानकी नगर और गुजराती कालोनी की सड़कों पर भारी कीचड़ जमने से लोगों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ी। सीवर लाइन डालने के लिए खोदी गई कई सड़कें अब तक दुरुस्त नहीं हो सकी हैं, जिससे वहां फिसलन और दलदल की स्थिति बन गई है।
मौसम विभाग ने जारी किया भारी बारिश अलर्ट
सावन के महीने में मानसूनी सक्रियता के कारण जिले में अब तक कुल 589.1 मिमी यानी लगभग 22.5 इंच वर्षा दर्ज की जा चुकी है। बीते 24 घंटों में 003.0 मिमी पानी बरसा। नगर का अधिकतम तापमान सामान्य से 1 डिग्री कम होकर 29.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहा। वातावरण में सुबह के वक्त नमी 95 प्रतिशत मापी गई। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले 24 घंटों में जबलपुर, सागर, रीवा, शहडोल और ग्वालियर संभाग के कुछ हिस्सों में भारी वर्षा होने की चेतावनी दी गई है।
