जबलपुर। हनुमानताल पुलिस के हाथ ऐसे चोर लगे हैं, जो स्कूटर के शौकीन थे। इन युवकों ने अपने नाबालिग साथी के साथ छह स्कूटर चोरी की। इन स्कूटरों को ठिकाने लगाने के पहले पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 7 वाहन जब्त किए।
हनुमानताल पुलिस ने बताया कि वाहन चोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग सहित 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 7 चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि झिन्ना मोहल्ला पहाड़ी में मजार के सामने चार युवक संदिग्ध हालत में स्कूटी और मोटरसाइकिल लेकर खड़े हैं और वाहनों को बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर चारों को पकड़ा।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों की पहचान मोहित कोरी, मयंक उर्फ रचित चौधरी, देवांश श्रीवास्तव और एक नाबालिग के रूप में हुई। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने अलग-अलग स्थानों से दोपहिया वाहन चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस के मुताबिक आरोपी नशे के आदी हैं और घूमने के शौक को पूरा करने के लिए वाहन चोरी करते थे। आरोपियों की निशानदेही पर हनुमानताल, लखनादौन, खितौला, कटनी, मंडला और सिहोरा से चोरी किए गए कुल 7 दोपहिया वाहन बरामद किए गए। बरामद वाहनों में एक मोटरसाइकिल और छह स्कूटी शामिल हैं। पुलिस अब बरामद वाहनों के वास्तविक मालिकों की जानकारी जुटा रही है।
