khabar abhi tak

जबलपुर में खंभों पर लगे फिलिस्तीन समर्थक पोस्टर, पुलिस ने तुरंत हटवाए,हलचल



जबलपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत सड़क किनारे बिजली के खंभों पर फिलिस्तीन के समर्थन में पोस्टर चस्पा करने का मामला सामने आया है। मिलौनीगंज और नालबंद मोहल्ला मार्ग के बीच लगे इन पोस्टरों में लोगों से फिलिस्तीन के पक्ष में खड़े होने का आह्वान किया गया था। हिंदूवादी संगठनों द्वारा मामले की सूचना दिए जाने के बाद पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय के निर्देश पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर सभी विवादित पोस्टरों को तुरंत उतरवा दिया। पुलिस प्रशासन अब पोस्टर लगाने वाले असामाजिक तत्वों की पहचान और उनके मंसूबों की पड़ताल में जुट गया है।कोतवाली से मिलौनीगंज मार्ग पर बिजली के खंभों पर यह प्रचार सामग्री योजनाबद्ध तरीके से लगाई गई थी। त्योहारों और आयोजनों के समय संवेदनशील क्षेत्रों में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल लगातार निगरानी रख रहा था। जैसे ही इन पोस्टरों के बारे में अधिकारियों को जानकारी मिली, कोतवाली पुलिस की 1 टीम ने मौके पर पहुंचकर पूरे इलाके की घेराबंदी की और खंभों पर लगे सभी पोस्टरों को जब्त कर लिया। पुलिस ने क्षेत्र में गश्त तेज कर दी है ताकि किसी भी तरह का तनाव न फैले।

सीसीटीवी खंगाले जा रहे,प्रिंटिंग प्रेस की खोज शुरू

​पुलिस अब पोस्टरों में नजर आ रहे चेहरों और अन्य विवरणों के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है। इसके साथ ही आसपास के रास्तों और दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, जिससे यह साफ हो सके कि पोस्टर किस समय और किन लोगों द्वारा लगाए गए थे। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि यह सामग्री किस प्रिंटिंग प्रेस से तैयार कराई गई थी। उल्लेखनीय है कि पिछले 1 वर्ष के दौरान भी शहर में फिलिस्तीन के समर्थन में बैनर और पोस्टर लगाने की बात सामने आई थी, जिसे पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए समय रहते हटवा दिया था।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak