जबलपुर। खमरिया के बिछुआ मोड़ पर रविवार रात कार की टक्कर से एक बाइक चालक की मौत हो गई। बाइक मेंसवार उसके साथी को चोटें आईं। पुलिस ने आरोपी कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
खमरिया पुलिस ने बताया कि रांझी के बापू नगर में रहने वाले राजकुमार चंदेल ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अपने भाई और दोस्तों के साथ 1 अगस्त की रात अमरकंटक घूमने गया था। 2 अगस्त की शाम वे दो मोटरसाइकिलों से वापस रांझी अपने घर लौट रहे थे। बाइक क्रमांक एमपी 20 जेड जेड 7531 बड़ा पत्थर रांझी निवासी अनुराग सिंह ठाकुर चला रहा था। राजकुमार उसके पीछे बैठा था। वे जैसे ही खमरिया के ग्राम बिछुआ मोड़ के आगे मेन रोड पर पहुंचे, तभी सामने से आ रही कार क्रमांक एमपी 20 सीबी 4770 के चालक ने तेज गति से वाहन चलाते हुए उनकी बाइक में टक्कर मार दी। बाइक सवार दोनों युवक दूर जा गिरे। बाइक सवारों के पीछे आ रहे साथियों ने मौके पर एम्बुलेंस से अनुराग सिंह ठाकुर और राजकुमार को रांझी अस्पताल भेजा। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद अनुराग को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने राजकुमार को कोहनी, कूल्हे और आंख के पास चोटे आना बताया है।
