बिलासपुर. दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (एसईसीआर) ने बिलासपुर से इंदौर के बीच सीधी वंदे भारत एक्सप्रेस सेवा शुरू करने के लिए दो मौजूदा वंदे भारत ट्रेनों के विलय का प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेजा है। यह प्रस्ताव ट्रेन संख्या 20825/20826 बिलासपुर-नागपुर-बिलासपुर और 20911/20912 इंदौर-नागपुर-इंदौर वंदे भारत एक्सप्रेस को मिलाकर बिलासपुर-इंदौर-बिलासपुर सेवा के रूप में चलाने से संबंधित है।
बोर्ड से मंजूरी मिली तो इंदौर जाने वाले यात्रियों को नागपुर स्टेशन में ट्रेन बदलने से राहत मिलेगी। बिलासपुर और इंदौर के बीच वंदे भारत ट्रेन की सीधी कनेक्टिविटी की मांग लगातार आ रही थी। इसी के आधार पर इस व्यवस्था का प्रस्ताव जोन ने तैयार किया है। प्रस्ताव के मुताबिक विलय के बाद बिलासपुर और इंदौर के बीच वंदे भारत की सीधी सेवा सप्ताह में छह दिन, शनिवार को छोड़कर उपलब्ध होगी।
20825/20826 वंदे भारत बिलासपुर से रविवार, मंगलवार और गुरुवार को तथा इंदौर से सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को चलेगी। इसी तरह 20911/20912 वंदे भारत इंदौर से मंगलवार, गुरुवार और रविवार को तथा बिलासपुर से सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को चलेगी। इस तरह दोनों ट्रेनों के संचालन से बिलासपुर-इंदौर के बीच सप्ताह में कुल छह दिन सीधी वंदे भारत सेवा उपलब्ध कराने की योजना है।
वर्तमान व्यवस्था में बिलासपुर से इंदौर जाने वाले यात्रियों को नागपुर तक चलने वाली वंदे भारत सेवा और इंदौर-नागपुर वंदे भारत के बीच कनेक्टिविटी पर निर्भर रहना पड़ता है। प्रस्ताव लागू होने के बाद बिलासपुर से इंदौर तक सीधी यात्रा संभव होगी और नागपुर में ट्रेन बदलने की जरूरत नहीं रहेगी।
प्रस्ताव में यह स्पष्ट किया गया है कि विलय के बाद दोनों ट्रेनों के ठहराव यथावत रहेंगे। साथ ही, अतिरिक्त रैक की आवश्यकता नहीं होगी। हालांकि, यह अभी रेलवे का प्रस्ताव है। अंतिम समय-सारणी और सेवा शुरू होने की तारीख रेलवे बोर्ड की मंजूरी के बाद ही तय होगी।
