khabar abhi tak

एमपी में अब सरकारी स्कूलों के बच्चे मोबाइल-टैबलेट से करेगें पढ़ाई

जबलपुर।  शासकीय स्कूलों में अध्ययनरत छात्र-छात्राएं मोबाइल फोन व टैबलेट से पढ़ाई करेगें, राज्य शिक्षा केन्द्र ने डिजिटल शिक्षा से जोडऩे के लिए पहल शुरु की है। जिसके चलते कक्षा छठवीं से आठवीं तक के विद्यार्थियों के लिए ई-क्लास संचालित की जाएंगी। इन कक्षाओं में शिक्षक मोबाइल या टैबलेट के माध्यम से विद्यार्थियों को शैक्षणिक वीडियो दिखाएंगे। इससे विद्यार्थियों को विषयों को समझने में आसानी होगी और पढ़ाई को अधिक रुचिकर बनाने का प्रयास किया जाएगा।

                                राज्य शिक्षा केंद्र की ओर से जिला शिक्षा अधिकारी, डाइट प्राचार्य और जिला परियोजना समन्वयक को जारी निर्देशों में कहा गया है कि विद्यालयों में अध्यापन करने वाले शिक्षकों और विद्यार्थियों के बीच डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा दिया जाए। इसी उद्देश्य से ई-कक्षा की पहल शुरू की गई है। इसके अंतर्गत कक्षा छठवीं से आठवीं तक के विद्यार्थियों के लिए विभिन्न विषयों से संबंधित शैक्षणिक वीडियो तैयार किए गए हैं। विद्यार्थियों के लिए तैयार ई-कंटेंट ई-कक्षा मध्यप्रदेश के यू-ट्यूब चैनल और मिशन ज्ञान मोबाइल एप पर उपलब्ध कराया गया है। सभी शिक्षक अपने मोबाइल अथवा टैबलेट में इन डिजिटल प्लेटफार्म को उपलब्ध कराए गए निर्देशों के अनुसार उपयोग करेंगे। इसके बाद कक्षा में आवश्यकता के अनुसार संबंधित विषय का वीडियो विद्यार्थियों को दिखाया जाएगा। शिक्षकों को यह भी कहा गया है कि वे अधिक से अधिक विद्यार्थियों तक डिजिटल शैक्षणिक सामग्री पहुंचाने का प्रयास करें। इससे विद्यार्थी विद्यालय के साथ-साथ घर पर भी उपलब्ध डिजिटल सामग्री के माध्यम से विषयों का दोहराव कर सकेंगे।


Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak