छतरपुर. मध्य प्रदेश के छतरपुर में एक हॉस्टल में पढऩे वाले तीन नाबालिग बच्चे लापता हो गए. मामले की जानकारी जब परिजनों को लगी तो हॉस्टल में हंगामा खड़ा हो गया और हॉस्टल संचालक पर परिजनों ने गंभीर सवाल खड़े कर दिए. मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने हॉस्टल संचालक ओर परिजनों से पूछताछ के साथ इलाके के सीसीटीवी खंगालना शुरू कर दिया है.
रात 12 बजे भागे तीन बच्चे, परिजनों का हंगामा
मामला छतरपुर शहर के सिविल लाइन थाना इलाके के सटई रोड स्थित पीताम्बरा मंदिर के पास का है. जहां एक हॉस्टल मां शरदा के नाम से संचालित है. इस हॉस्टल में पढऩे वाले 3 तीन बच्चे लापता हो गए हैं. परिजनों और संचालक के बीच कहा सुनी हो गई. इसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा. परिजन पिता मातादीन पटेल ने बताया कि संचालक कहते हैं, बच्चा रात को 12 भाग गया. पकडऩे की कोशिश की, लेकिन नहीं पकड़ पाए. उन्होंने बताया कि मेरा बेटा सत्यम पिछले 3 सालों से इसी हॉस्टल में पढ़ रहा है. इसी हॉस्टल से बीती रात 3 बच्चे गायब हो गए. जिसमें एक यूपी के बांदा का है, तो वहीं एक छतरपुर के चंदला का रहने वाला है.
नोट में लिखा-एग्जाम के समय आ जाएंगे वापस
हॉस्टल संचालक राजकुमार उपाध्याय ने बताया 3 बच्चे रात को दीवार फांद कर भाग गए. जिसमें सत्यम, दीपक और अंकित जो 10वीं में पढ़ रहे थे. उनको पकडऩे की कोशिश की, लेकिन रात का फायदा उठाकर वे भाग गए. संचालक के पास एक नोट भी छोड़ गए. जिसमें लिखा था हम तीनों परीक्षा के समय वापसआ जाएंगे, परेशान मत होना. पुलिस बच्चों की खोज करने के लिए रेलवे स्टेशन, बस स्टेंड सहित कई जगह के सीसीटीवी खंगाल रही और लोगों को तस्वीर दिखा कर पूछताछ कर रही है. इस मामले में सिविल लाइन थाना प्रभारी आशुतोष श्रोती ने बताया कि शिकायत आई है. मामले की जांच की जा रही है. रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड सहित अन्य जगह के सीसीटीवी भी तलाश करवा रहे हैं.
