दमोह. एमपी के दमोह जिले के मडिय़ादो थाना क्षेत्र के पौड़ी गांव में शनिवार देर रात लव मैरिज करने वाले नवदंपति ने जहर पीकर आत्महत्या करने की कोशिश की। गंभीर हालत में दोनों को पहले हटा अस्पताल और फिर जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है। दंपती ने लड़की के परिजनों पर धमकाने और मानसिक प्रताडऩा का आरोप लगाया है।
24 जुलाई को अयोध्या में की थी शादी
पीडि़तों की पहचान पौड़ी निवासी अनिल दुबे (25) और अमानगंज के नयापुरा निवासी स्नेहा उर्फ नेहा विश्वकर्मा के रूप में हुई है। अनिल ने बताया कि रिश्तेदारी के कारण उसका नयापुरा आना-जाना था। करीब दो साल पहले स्नेहा से पहचान हुई, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई। परिवार के लोग शादी के लिए तैयार नहीं थे, इसलिए दोनों ने 24 जुलाई को अयोध्या में भगवान श्रीराम को साक्षी मानकर मंदिर में शादी की। इसके बाद कोर्ट मैरिज की। इसके बाद दोनों पौड़ी आकर रहने लगे।
गुंडों के साथ घर आए, जान से मारने की धमकी दी
लड़के ने बताया शादी के बाद से ही स्नेहा के परिजन इस रिश्ते का विरोध कर रहे थे। कई बार लोगों को भेजकर मारपीट करवाई गई और जान से मारने की धमकियां दी गईं। शनिवार रात भी कुछ लोग घर पहुंचे और धमकाया। दंपती का कहना है कि इसी तनाव और डर के कारण उन्होंने घर में रखी जहरीली दवा पी ली। लड़के ने कहा हमें लगा हमारे माता-पिता को भी मारेंगे, इससे अच्छा है हम दोनों ही मर जाए। इसलिए हम दोनों ने जहर पी लिया। युवती ने भी अपने परिजनों पर मानसिक प्रताडऩा का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है। घटना की सूचना पर मडिय़ादो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों के बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ड्यूटी डॉक्टर के अनुसार, दोनों का इलाज जारी है और उनकी हालत में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है।
