khabar abhi tak

अचानक नदी का जलस्तर बढ़ा, सागर में पिकनिक मनाने गये 7 स्टूडेेंट तेज बहाव में फंसे, एसडीआरएफ ने किया रेस्क्यू

सागर. एमपी के सागर जिले के गढ़ाकोटा क्षेत्र में पिकनिक मनाने गए 7 युवक-युवती नदी के तेज बहाव के बीच फंस गए। वे देर शाम अंधेरे में करीब ढाई घंटे पत्थरों पर बैठे रहे। एसडीआरएफ की टीम ने ग्रामीणों की मदद से उनका रेस्क्यू किया। मेडिकल चेकअप के बाद सभी को घर भेज दिया गया।

मामला सानौधा थाना इलाके में आबचंद गुफा के पास गधेरी नदी का है। बहेरिया निवासी 9 युवक-युवती शनिवार को प्राकृतिक परिक्षेत्र आबचंद गुफा के पास पिकनिक मनाने गए थे। शाम को वे नदी के बीच पत्थरों पर बैठ गए। करीब 7 बजे बारिश की वजह से अचानक जलस्तर बढ़ गया। नदी का बहाव तेज हो गया। इस बीच दो युवक-युवती पानी से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थान पर पहुंच गए, लेकिन 7 लोग वहीं फंस गए।

पहली कोशिश नाकाम हो गई

नदी से बाहर आए युवक ने डायल 112 पर फोन लगाया। सानौधा पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों को बुलाया गया। स्टूडेंट्स को निकालने की कोशिश शुरू की, जो तेज बहाव की वजह से फेल हो गई।

तेज बहाव-पत्थरों से आई दिक्कत

इसके बाद पुलिस ने एसडीआरएफ को बुलाया। रहली और गढ़ाकोटा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। लाइटिंग की व्यवस्था कर एसडीआरएफ के जवान पानी में उतरे। पानी का बहाव तेज होने और नदी में पत्थरों की वजह से रेस्क्यू में दिक्कतें आईं। आखिरकार रात करीब 10 बजे तक सभी 7 युवक-युवतियों को नदी से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

मेडिकल चेकअप के बाद घर भेजा

घटनाक्रम की जानकारी मिलते ही रहली विधायक गोपाल भार्गव भी मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू पूरा होने तक मौजूद रहे। उन्होंने बारिश के मौसम में नदी और गुफा के आसपास सुरक्षा इंतजाम करने के निर्देश भी दिए। गढ़ाकोटा थाना प्रभारी गौरव सिंह तिवारी ने बताया कि यहां से सभी को जिला अस्पताल भेजा गया, जहां मेडिकल जांच के बाद परिजन को सौंप दिया गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak