जबलपुर। रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ) एवं राजकीय रेल पुलिस (जीआरपी) द्वारा रेल यात्रियों की सुरक्षा एवं सहायता के लिए निरंतर सतर्कता के साथ कार्य किया जा रहा है। यात्रियों के सामान की चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत आरपीएफ एवं जीआरपी इटारसी की संयुक्त टीम ने महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है।
संयुक्त टीम ने एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी के 5 मामलों का खुलासा करते हुए कुल 3.21 लाख रुपये मूल्य की चोरी गई संपत्ति बरामद की है। बताया जाता है कि गिरफ्तार आरोपी अब्दुल इमरान, निवासी इटारसी द्वारा इटारसी स्टेशन एवं चलती/खड़ी ट्रेनों में यात्रियों को निशाना बनाता था। आरोपी विशेष रूप से देर रात सो रहे यात्रियों तथा खिड़की के पास बैठी महिला यात्रियों के सामान पर नजर रखता था। वारदात के बाद वह भीड़ एवं अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो जाता था।
एक प्रकरण में ट्रेन संख्या 15067 में यात्रा कर रहे यात्री का लेडीज पर्स चोरी होने की शिकायत दर्ज हुई थी। प्रकरण की जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य एवं मुखबिर तंत्र की सहायता से आरोपी की तलाश की गई। इसी क्रम में 17 अगस्त 2026 को इटारसी स्टेशन पर संदिग्ध अवस्था में घूम रहे आरोपी को घेराबंदी कर पकड़ा गया।
आरोपी के कब्जे से दो सोने की चेन, जिनकी अनुमानित कीमत 3.10 लाख है, 11,000 रुपये नकद तथा अन्य चोरी का सामान, कुल लगभग 3.21 लाख मूल्य की संपत्ति बरामद की गई। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जिला कारागार, नर्मदापुरम भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में जीआरपी एवं आरपीएफ इटारसी की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक द्वारा कार्रवाई में शामिल टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की गई है।
