जबलपुर। गाड़ी संख्या 20471 में सोगरिया (कोटा) से कटनी मुड़वारा के बीच यात्रा के दौरान विभिन्न कोचों से यात्रियों के कुल चार मोबाइल फोन चोरी हो गए। चोरी किए गए मोबाइल फोन क्रमश: एस6-77, एस5-50, एस5-31 एवं एस4-23 से संबंधित थे।
घटना की जानकारी प्राप्त होने पर टीटीई स्टाफ मनीष कुमार गुप्ता द्वारा ओबीएचएस स्टाफ एवं एम1 के अटेंडेंट श्री पवन के सहयोग से तत्परता एवं सूझबूझ का परिचय देते हुए संदिग्ध चोर को पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर चोरी किए गए सभी चार मोबाइल फोन आरोपी के पास से बरामद कर लिए गए। आरोपी को सहयात्रियों की भीड़ द्वारा पीटे जाने की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। ऐसी विषम परिस्थिति में टीटीई स्टाफ मनीष कुमार गुप्ता ने अदम्य साहस, संयम एवं कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए आरोपी को भीड़ से सुरक्षित रखा तथा उसे सकुशल जीआरपी थाना गुना के सुपुर्द कर दिया।
इस पूरे घटनाक्रम में टीटीई स्टाफ मनीष कुमार गुप्ता द्वारा प्रदर्शित त्वरित कार्रवाई, सजगता, साहस, सूझबूझ एवं कर्तव्य के प्रति निष्ठा अत्यंत प्रशंसनीय रही। उनके प्रयास से यात्रियों के चोरी हुए सभी मोबाइल फोन बरामद हुए तथा आरोपी को सुरक्षित रूप से जीआरपी के हवाले किया जा सका। उनके द्वारा किया गया यह कार्य रेलवे की सुरक्षा एवं यात्री सेवा के प्रति उत्कृष्ट कर्तव्यनिष्ठा का उदाहरण है।
