जबलपुर. श्रावण मेला-2026 के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए रेलवे ने विशेष सुविधा देने का निर्णय लिया है। पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर व भोपाल मंडल से होकर संचालित पांच ट्रेनों को जयपुर मंडल के इसरदा रेलवे स्टेशन पर दो-दो मिनट का अस्थायी ठहराव दिया जाएगा। यह व्यवस्था 3, 10, 17 और 24 अगस्त 2026 को लागू रहेगी, ताकि मेले में आने-जाने वाले यात्रियों को यात्रा में अतिरिक्त सुविधा मिल सके।
रेलवे के अनुसार इसरदा स्टेशन पर जिन ट्रेनों का अस्थायी ठहराव रहेगा, उनमें जबलपुर-अजमेर दयोदय एक्सप्रेस (12181) सुबह 10:01 से 10:03 बजे तक, अजमेर-जबलपुर एक्सप्रेस (12182) शाम 6:32 से 6:34 बजे तक, मैसूर-जयपुर एक्सप्रेस (12975) सुबह 4:50 से 4:52 बजे तक, दुर्ग-अजमेर एक्सप्रेस (18213) दोपहर 1:30 से 1:32 बजे तक तथा साईंनगर शिर्डी-बीकानेर स्पेशल (04716) शाम 7:14 से 7:16 बजे तक रुकेगी।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि श्रावण मेले के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु इसरदा क्षेत्र पहुंचते हैं। ऐसे में इन ट्रेनों के अस्थायी ठहराव से यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और उन्हें अतिरिक्त परिवहन व्यवस्था पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन की नवीनतम समय-सारिणी और परिचालन स्थिति की जानकारी एनटीईएस ऐप या रेलवे की आधिकारिक पूछताछ वेबसाइट से अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
