हाथीताल निवासी वृद्धा को डिजिटल अरेस्ट की धमकी देकर बैंक खाते से ट्रांसफर कराए रुपए
जबलपुर। गोरखपुर थाना क्षेत्र में साइबर अपराधियों ने एक बुजुर्ग महिला को अपना शिकार बनाकर लाखों रुपए की चपत लगा दी। हाथीताल निवासी 64 वर्षीय रिटायर्ड हाउसिंग बोर्ड कर्मचारी को पार्सल में गैरकानूनी सामान होने का डर दिखाकर साइबर ठगों ने 3 लाख 97 हजार 857 रुपए ऐंठ लिए। डरी-सहमी महिला ने बैंक पहुंचकर खाता चेक किया, तब जाकर इस बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ। पीड़िता की शिकायत पर गोरखपुर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता मिथलेश पटेल ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि उनका खाता इंडियन बैंक की कटंगी शाखा में है। कुछ दिन पहले उन्होंने एक ई-कॉमर्स शॉपिंग साइट से 164 रुपए की कीमत का एक बेनटेक्स का हार ऑनलाइन ऑर्डर किया था। इसके कुछ दिन बाद उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को जांच अधिकारी बताते हुए कहा कि उनके ऑर्डर किए गए पार्सल में अवैध सामग्री पाई गई है और इस मामले में उन पर गंभीर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
अचानक कानूनी कार्रवाई की बात सुनकर वृद्धा बुरी तरह घबरा गईं। जब उन्होंने इससे बचने का रास्ता पूछा, तो जालसाज ने मामले को रफा-दफा करने के नाम पर रुपयों की मांग की। ठग ने पहले सत्यापन के नाम पर वृद्धा के मोबाइल पर 1 रुपया ऑनलाइन ट्रांसफर किया और फिर वीडियो कॉल के जरिए बात कर उन्हें झांसे में ले लिया। इसके बाद आरोपियों ने अलग-अलग किश्तों में वृद्धा के खाते से कुल 3 लाख 97 हजार 857 रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए। जब पीड़िता बैंक पहुंचीं और पासबुक में एंट्री कराई, तब ठगी की जानकारी हुई। पुलिस अब उन बैंक खातों की जानकारी जुटा रही है जिनमें यह रकम भेजी गई है।
