khabar abhi tak

जबलपुर:होटल में मिले 2 बाल श्रमिक, किचन में गंदगी मिलने पर संचालक को नोटिस जारी



खाद्य सुरक्षा और राजस्व विभाग का आधा दर्जन दुकानों पर छापा, लिए गए सैम्पल

जबलपुर। जिले में मिलावटी और अमानक खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए राजस्व और खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने संयुक्त रूप से विशेष जांच अभियान चलाया। अधिकारियों के दल ने शहर के प्रमुख बाजारों से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों के मिष्ठान भंडारों और किराना दुकानों पर औचक निरीक्षण किया। इस कार्रवाई के दौरान पनीर, घी, खोवा और विभिन्न प्रकार की मिठाइयों के नमूने एकत्र किए गए। इसके अलावा सिहोरा स्थित एक होटल में बाल श्रमिक काम करते पाए जाने पर श्रम विभाग के नियमों के तहत कड़ी कार्रवाई की गई है। राजस्व और खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने शहर के मालवीय चौक स्थित हीरा स्वीट्स से पनीर तथा नौदराब्रिज स्थित हीरा स्वीट्स से मिठाई के नमूने लिए। इसी तरह ग्रामीण क्षेत्र के सिहोरा स्थित विजय स्वीट्स से पनीर, घी और मिठाई के सैंपल एकत्र किए गए। मझगवां स्थित पाल डेयरी से खोवा और पनीर, सतगुरु ट्रेडर्स से रत्नगिरी घी तथा पटेल किराना स्टोर्स से घी के नमूने जब्त कर जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि रिपोर्ट में मिलावट की पुष्टि होने पर संबंधित व्यापारियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जांच दल ने सिहोरा स्थित सेलर होटल एंड रेस्टोरेंट का भी औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान होटल में 2 बाल श्रमिक काम करते हुए मिले। मौके पर मौजूद श्रम निरीक्षक ने बाल श्रम अधिनियम के उल्लंघन पर गहरी नाराजगी जताई और होटल संचालक को नोटिस जारी कर 7 दिन के भीतर लिखित जवाब मांगा है। इसके साथ ही होटल की रसोई में भारी गंदगी पाए जाने और स्वच्छता मानकों की अनदेखी करने पर खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से भी अलग से नोटिस थमाते हुए सुधार के निर्देश दिए गए हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak