जबलपुर। इलेक्ट्रिक वाहनों की बढ़ती संख्या को देखते हुए शहर में 40 स्थानों पर चार्जिंग स्टेशन बनाए जाएंगे। जबलपुर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विस लिमिटेड ने चार्जिंग स्टेशन के लिए प्रस्ताव तैयार कर राज्य सरकार को भेजा है। इन स्टेशनों के बनने से इलेक्ट्रिक वाहनों को चार्ज करने के लिए प्राइवेट चार्जिंग स्टेशनों पर निर्भरता कम हो जाएगी।
40 चार्जिंग स्टेशनों को शासकीय परिसरों में ही स्थापित किया जाएगा। सरकार की गाइड लाइन के अनुसार सरकारी स्थानों पर ही चार्जिंग स्टेशन बनाने में सरकार के द्वारा सब्सिडी प्राप्त होगी। नोडल एजेंसी के द्वारा किसी अन्य स्थान का चयन किया जाता है, तो चार्जिंग स्टेशन सब्सिडी के दायरे में नहीं आएगा। नोडल एजेंसी प्रयास कर रही है कि नगर निगम मुख्यालय, संभागीय कार्यालय, कलेक्ट्रेट, आरटीओ जैसे सरकारी विभागों में स्थान प्राप्त किया जाए।
जेसीटीएसएल के मुताबिक शहर में ई-बसों के संचालन के लिए कठौंदा में चार्जिंग स्टेशन बनकर तैयार हो गया है। जहां 180 किलोवाट के चार्जर से दो घंटे में एक बस चार्ज होगी। कठौंदा स्थित चार्जिंग स्टेशन को स्थापित करने के लिए 33 केवी लाइन बिछाई गई है।
.- शहर में बढ़ रही इलेक्ट्रिक वाहनों की संख्या तो देखते हुए चार्जिंग स्टेशनों की आवश्यकता महसूस हो रही है। राज्य सरकार को 40 स्थानों पर चार्जिंग स्टेशन बनाने के लिए प्रस्ताव भेजा है।
सचिन विश्वकर्मा, सीईओ, जेसीटीएसएल