khabar abhi tak

अधारताल में शासकीय भूमि पर बने गणेश मंडपम बारात घर पर चला बुलडोजर



कछपुरा पुल के पास 333 वर्गमीटर जमीन पर था अवैध कब्जा, बाकी हिस्सा तोड़ने की चेतावनी

जबलपुर। अधारताल तहसील अंतर्गत कछपुरा रेलवे ओवरब्रिज के समीप बेशकीमती शासकीय जमीन पर अवैध रूप से बनाए गए एक बारात घर के निर्माण पर प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम ने बुलडोजर चला दिया। सोमवार को प्रशासनिक अमले ने मौके पर पहुंचकर बारात घर के अवैध हिस्से को ध्वस्त कर दिया। भवन के मुख्य टावर और अन्य शेष हिस्से को स्वयं हटाने के लिए संचालक को मोहलत दी गई है, ऐसा न करने पर नगर निगम द्वारा उसे भी पूरी तरह जमींदोज किया जाएगा। कार्रवाई के संबंध में अधारताल तहसीलदार वीर ध्रुव धुर्वे ने बताया कि मौजा चावनपुर स्थित भूमि खसरा नंबर 48/2 और 49/2 के कुल रकबा 0.3640 हेक्टेयर शासकीय भूमि में से 333 वर्गमीटर भूमि पर आजाद चौक निवासी मनीष गुप्ता द्वारा अवैध कब्जा कर गणेश मंडपम बारात घर का निर्माण कर लिया गया था। राजस्व विभाग की जांच में अतिक्रमण की पुष्टि होने के बाद संबंधित निर्माणकर्ता को पूर्व में विधिवत नोटिस जारी कर 15 दिनों के भीतर अवैध निर्माण हटाने के निर्देश दिए गए थे। तय समय सीमा बीत जाने के बाद भी जब अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तो प्रशासन ने सख्त कदम उठाया। सोमवार को तहसीलदार वीर ध्रुव धुर्वे के नेतृत्व में राजस्व विभाग, नगर निगम का अतिक्रमण विरोधी दस्ता और भारी पुलिस बल कछपुरा पुल के पास पहुंचा। भारी विरोध की आशंका को देखते हुए मौके पर पुलिस का कड़ा पहरा रहा। जेसीबी और पोकलेन मशीनों की मदद से बारात घर के अवैध रूप से निर्मित आधे से अधिक हिस्से को तोड़ दिया गया। कार्रवाई के दौरान भवन निर्माणकर्ता ने शेष हिस्से और टावर को खुद हटाने के लिए समय की मांग की। प्रशासन ने उन्हें सीमित समय देते हुए चेतावनी दी है कि यदि उनके द्वारा चिन्हित हिस्सा नहीं हटाया गया तो नगर निगम मंगलवार को बाकी बचे अवैध निर्माण को भी पूरी तरह से ध्वस्त कर देगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak