जबलपुर। रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म क्रमांक 1 पर बुधवार 19 अगस्त को दो व्यक्तियों द्वारा यात्रियों के साथ अभद्रता, गाली-गलौज व मारपीट का प्रयास किया जा रहा था. जैसे ही जीआरपी को जानकारी लगी, वैसे ही स्टाफ ने मौके पर पहुंचकर 2 व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया.
जीआरपी के मुताबिक रेलवे स्टेशन जबलपुर के प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर स्टेशन ड्यूटी के दौरान दो व्यक्तियों द्वारा आने-जाने वाले यात्रियों के साथ वाद-विवाद कर शांति भंग करने तथा समझाने के बावजूद नहीं मानने की सूचना पर तत्काल कार्रवाई की गई। उक्त व्यक्तियों द्वारा दहशत का माहौल उत्पन्न कर मरने-मारने पर आमादा होने की स्थिति निर्मित की जा रही थी। मौके पर उपस्थित गवाहों से पूछताछ करने पर व्यक्तियों की पहचान बोरलाल केवट निवासी हनुमान मोहल्ला, ग्राम विजयसोता, थाना पपोल, जिला शहडोल (म.प्र.) एवं पवन मेहरा निवासी स्टेशनगंज नरसिंहपुर के रूप में हुई।
स्थिति को देखते हुए संज्ञेय अपराध घटित होने की पूर्ण स्थिति बनने से रोकने एवं यात्रियों की सुरक्षा तथा शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु आरोपीयों को गिरफ्तार कर इस्तगासा धारा 170, 126(बी), 135(3) बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। जीआरपी जबलपुर द्वारा रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा, शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु असामाजिक एवं उपद्रवी गतिविधियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
