जबलपुर। मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने तकनीकी कर्मचारियों के लिए 15 लाख रुपये की दुर्घटना बीमा योजना के अध्ययन हेतु मुख्यालय स्तर पर 5 सदस्यीय समिति गठित की है। इसके अध्यक्ष मुख्य महाप्रबंधक मानव संसाधन एवं प्रशासन तथा संयोजक अपर मुख्य महाप्रबंधक होंगे। इस पहल पर मध्यप्रदेश विद्युत कर्मचारी संघ फेडरेशन के महामंत्री राकेश डीपी पाठक सहित यू के पाठक, दिनेश दुबे, अनूप वर्मा, उमाशंकर दुबे, केदारनाथ अग्निहोत्री, सीताराम कुरचानिया, अवनीश तिवारी, मोहित पटेल, योगेश पटेल, राजेश मिश्रा, दीपक मेमने, मोहन श्रीवास, सुधीर मिश्रा, राजेश सेन, मनोज पाठक, दिलीप पाठक एवं दयाशंकर द्विवेदी ने ऊर्जा सचिव, सीएमडी और प्रबंध संचालकों का आभार जताया। साथ ही पूर्व, मध्य, ट्रांसमिशन, जनरेटिंग एवं पावर मैनेजमेंट कंपनियों से भी ऐसी व्यवस्था लागू करने का आग्रह किया। कर्मचारी नेताओं ने रेखांकित किया कि लाइन पर जोखिम भरा काम करने वाले संविदा और आउटसोर्स साथी सबसे अधिक हादसों का शिकार होते हैं। इस कारण दुर्घटना बीमा राशि को बढ़ाकर 20 लाख किया जाना चाहिए। समिति विस्तृत समीक्षा कर अपनी सिफारिशें उच्च प्रबंधन को प्रस्तुत करेगी। इसके अतिरिक्त फील्ड में जान गंवाने अथवा दिव्यांग होने वाले कार्मिकों के आश्रित परिजनों को बिना किसी शर्त के तत्काल नियमित अनुकंपा नियुक्ति का स्थायी प्रावधान भी सुनिश्चित हो।
