बड़वानी। एमपी के बड़वानी जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। नागलवाड़ी थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत लफनगांव के चिभानियापूरा मोहल्ले में एक पिता ने अपने चार वर्षीय बेटे को फंदे पर लटकाने के बाद खुद भी फांसी लगा ली। घटना में पिता और मासूम बेटे दोनों की मौत हो गई। वारदात की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस के मुताबिक, 22 वर्षीय सायमल पुत्र बुधला और उसका चार वर्षीय बेटा सुमित घर के अंदर फंदे पर लटके मिले। घटना के वक्त घर का दरवाजा अंदर से बंद था। बताया गया कि सुमित के दादा बुधला सुबह पोते के लिए दवा लेने गए थे। दवा लेकर घर लौटने पर उन्होंने खिड़की से अंदर देखा तो बेटे और पोते दोनों को रस्सी से लटका पाया। इसके बाद दरवाजा तोड़कर दोनों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
मासूम लंबे समय से था बीमार
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चार वर्षीय सुमित बचपन से ही बीमार रहता था। बेटे की बीमारी को लेकर उसका पिता सायमल परेशान रहता था। परिवार की आर्थिक स्थिति भी ठीक नहीं बताई जा रही है। पुलिस फिलहाल इन्हीं परिस्थितियों समेत घटना के पीछे की अन्य वजहों की जांच कर रही है।
