khabar abhi tak

रामपुर नैकिन-चुरहट नवीन रेल खंड का सीआरएस ने किया निरीक्षण, 19 अगस्त को स्पीड परीक्षण

जबलपुर। पश्चिम मध्य रेल के जबलपुर मंडल में ललितपुर–सिंगरौली नई रेल लाइन परियोजना के अंतर्गत रामपुर नैकिन-चुरहट के मध्य निर्मित 22.90 किलोमीटर लंबे नवीन रेल खंड का रेल संरक्षा आयुक्त (सीआरएस), मध्य वृत (मुंबई) श्री गुरु प्रकाश द्वारा यात्री परिचालन हेतु विस्तृत संरक्षा निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान चुरहट स्टेशन पर अधिकारियों के साथ बैठक कर संरक्षा संबंधी अभिलेखों एवं दस्तावेजों का परीक्षण किया गया। इसके बाद मोटर ट्रॉली से चुरहट से रामपुर नैकिन के मध्य रेलपथ, सिग्नल एवं दूरसंचार प्रणाली, विद्युत अधोसंरचना, पुल, समपार फाटक, कर्व, एसईजे एवं टर्नआउट सहित विभिन्न तकनीकी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया जा रहा है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 19 अगस्त बुधवार को रामपुर नैकिन से चुरहट के मध्य गति परीक्षण किया जाएगा। यह परीक्षण नवीन रेल खंड की संरक्षा एवं परिचालन क्षमता के आकलन की महत्वपूर्ण प्रक्रिया है।

निरीक्षण के दौरान पश्चिम मध्य रेल मुख्यालय, जबलपुर मंडल तथा निर्माण, इंजीनियरिंग, विद्युत, सिग्नल एवं दूरसंचार विभागों के अधिकारी एवं तकनीकी दल आवश्यक सहयोग प्रदान कर रहे हैं। रेल संरक्षा आयुक्त के निरीक्षण एवं गति परीक्षण की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद निर्धारित संरक्षा मानकों के अनुरूप सक्षम प्राधिकारी के निर्णय के अनुसार इस रेल खंड पर यात्री परिचालन प्रारंभ करने की दिशा में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) श्री एम.एस. हाश्मी, मंडल रेल प्रबंधक जबलपुर श्री कमल कुमार तलरेजा,  वरिष्ठ मंडल अभियंता (समन्वय) श्री राहुल जयपुरियार, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री शशांक गुप्ता, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी श्री अमित कुमार साहनी, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त श्री मुनव्वर खान सहित निर्माण, संरक्षा एवं अन्य विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak