जबलपुर. संस्कारधानी जबलपुर से सागर के बीच ग्रीनफील्ड पैकेज के तहत एक और नई फोरलेन की डीपीआर (डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) तैयार करने के लिए प्रक्रिया शुरू हो गई है। ग्रीनफील्ड पैकेज के तहत सागर से जबलपुर के बीच 135 किलोमीटर लंबा मार्ग बनेगा। डीपीआर में उक्त रूट का अलाइनमेंट भी तैयार होगा और फिर तय होगा कि मार्ग जिले के किस क्षेत्र से होकर गुजरेगा। डीपीआर में उक्त मार्ग के एक-एक चौराहे, तिराहे, फ्लाइओवर आदि पर काम होगा। प्रदेश के दोनों बड़े शहरों की दूरी केवल ढाई घंटा में पूरी हो सकेगी.
बताया जा रहा है कि मार्ग रहली के आसपास से होकर ही गुजरेगा। मध्य प्रदेश रोड डेवलपमेंट कार्पोरेशन लिमिटेड (एमपीआरडीसीएल) को उक्त मार्ग के लिए नोडल एजेंसी चुना गया है। उक्त कार्य को राज्य सरकार के पैकेज-डी के तहत चिन्हित किया गया है, जिसकी शुरुआती लागत 1486 करोड़ रुपए आंकी गई है, जिसमें सिविल वर्क में 1229 करोड़, जमीन अधिग्रहण में करीब 40 करोड़, शिफ्टिंग व अन्य कार्य में 30 करोड़ का खर्च बताया गया है।
दमोह का 40 किमी का चक्कर बचेगा
वर्तमान में सागर के अधिकांश लोग दमोह होते हुए ही जबलपुर तक का सफर करते हैं। कुछ लोग राजमार्ग वाले रोड का इस्तेमाल भी करते हैं, लेकिन इस पर टोल प्लाजा होने के कारण अधिकतर वाहन चालक दमोह से होकर ही जबलपुर आनाजाना करते हैं। सागर-जबलपुर सीधा मार्ग बनने पर सागर के लोगों को करीब 40 किमी का सफर कम तय करना पड़ेगा और समय की भी बचत होगी।
फोर लेन से घटेगी सागर से जबलपुर की दूरी
संभावना है कि, ये रहली या उसके आसपास से होकर गुजरेगा. तब ही दोनों शहरों के बीच की दूरी 135 किमी हो पाएगी. फिलहाल सागर-रहली-तेंदूखेड़ा होते हुए जबलपुर की दूरी करीब 154 किमी है. लेकिन रहली से तेंदूखेडा के बीच नौरादेही टाइगर रिजर्व के कारण सड़क काफी संकरी है और टाइगर रिजर्व की सीमा में और संकरी होने के साथ-साथ काफी स्पीड ब्रेकर बनाए गए हैं. ऐसे में सरकार नया फोरलेन का डीपीआर तैयार कर रही है.
नौरादेही टाइगर रिजर्व के आसपास से गुजरेगा
जहां तक इस रूट की बात करें, तो ये रूट नौरादेही टाइगर रिजर्व से या उसके आसपास से गुजरेगा. सागर के रहली से दमोह के तेंदूखेंडा से होकर जबलपुर के लिए निकलेगा. इस नए फोरलेन की सबसे बडी खासियत दोनों शहरों के बीच दूरी कम होने के कारण सफर में लगने वाले समय की बचत है. इस प्रोजेक्ट के पूरा हो जाने के बाद सागर दमोह और सागर से राजमार्ग होते हुए जबलपुर जाने वालों को 40 किमी कम सफर तय करना होगा. जिससे समय की काफी बचत होगी. फिलहाल दोनों शहरों के बीच सफर में 4-5 घंटे लगते हैं, अब ये समय ढाई से तीन घंटे लगेगा.
