khabar abhi tak

जबलपुर रेल मंडल में लगातार तीन दिनों तक चला टिकट चेकिंग अभियान, 1,325 यात्रियों पर लाखों रुपये का जुर्माना

जबलपुर। यात्रियों को उचित एवं वैध टिकट के साथ यात्रा करने के लिए प्रोत्साहित करने तथा बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर मंडल में गत 18 से 20 अगस्त 2026 तक तीन दिवसीय विशेष टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। चेकिंग अभियान में 1,325 यात्रियों पर 7.14 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया.

मंडल रेल प्रबंधक कमल कुमार तलरेजा के मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शशांक गुप्ता के नेतृत्व में वाणिज्य विभाग के टिकट चेकिंग स्टाफ एवं चल टिकट निरीक्षकों की टीम द्वारा मंडल के विभिन्न स्टेशनों एवं यात्री गाडिय़ों में सघन टिकट जांच की गई। अभियान के दौरान यात्री सुरक्षा, रेलवे राजस्व संरक्षण तथा अनियमित यात्रा पर प्रभावी नियंत्रण को प्राथमिकता देते हुए बिना टिकट, अनियमित टिकट तथा अनबुक्ड लगेज/सामान के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की गई।

अभियान के तीन दिनों के दौरान कुल 1,325 मामलों में कार्रवाई करते हुए 7,14,120 रुपये का राजस्व प्राप्त किया गया। इनमें बिना टिकट यात्रा के 588 मामले, अनियमित टिकट के 309 मामले तथा अनबुक्ड लगेज/सामान के 428 मामले शामिल हैं। संबंधित यात्रियों से निर्धारित किराया एवं रेलवे नियमों के अनुसार अतिरिक्त राशि वसूल की गई।

जबलपुर मंडल द्वारा यात्रियों से अपील की गई है कि वे यात्रा से पूर्व उचित एवं वैध टिकट अवश्य खरीदें। आरक्षित श्रेणी में यात्रा करने वाले यात्री अपने टिकट के साथ आवश्यक पहचान-पत्र रखें। ई-टिकट अथवा आरक्षित टिकट पर यात्रा करने वाले यात्रियों को टिकट में दर्ज विवरण के अनुरूप ही यात्रा करनी चाहिए।

रेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ई-टिकट पर प्रतीक्षा सूची की स्थिति में यात्रा की वैधता की जांच करना आवश्यक है तथा बिना वैध यात्रा अधिकार के आरक्षित कोच में यात्रा नहीं करनी चाहिए। स्टेशन परिसर एवं प्लेटफॉर्म पर प्रवेश के लिए नियमानुसार यात्रा टिकट अथवा प्लेटफॉर्म टिकट रखना अनिवार्य है।

यात्रियों को यह भी सलाह दी गई है कि निर्धारित सीमा से अधिक सामान होने पर उसे नियमानुसार बुक कराकर ही यात्रा करें। प्लेटफॉर्म टिकट को यात्रा टिकट न समझें तथा किसी अनधिकृत व्यक्ति अथवा दलाल से टिकट न खरीदें। टिकट संबंधी आवश्यकताओं के लिए रेलवे के अधिकृत टिकट काउंटर, स्वचालित टिकट वेंडिंग मशीन (एटीवीएम) एवं अधिकृत ऑनलाइन माध्यमों का ही उपयोग करें।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शशांक गुप्ता ने बताया कि जबलपुर मंडल में टिकट चेकिंग के विशेष अभियान नियमित रूप से जारी रहेंगे। अनियमित यात्रा एवं बिना टिकट यात्रा पर प्रभावी नियंत्रण के लिए रेलवे द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak