जबलपुर। मध्यप्रदेश शासन के उच्च शिक्षा विभाग भोपाल ने राज्य के विश्वविद्यालयों में कार्यरत उप कुलसचिवों को कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से यूजीसी 6ठे वेतनमान में लेवल 14 और ग्रेड पे 10000 रुपए के साथ कुलसचिव पद पर स्थानापन्न पदोन्नति प्रदान की है। इस आधिकारिक सूची में रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के उप कुलसचिव दीपेश मिश्रा तथा प्रभारी कुलसचिव डॉ. रविशंकर सोनवाल के नाम प्रमुखता से शामिल किए गए हैं। शासन के इस निर्णय से लंबे समय से सेवारत अधिकारियों को बड़ा लाभ मिलेगा और विश्वविद्यालयों का प्रशासनिक कामकाज भी पहले से अधिक सुदृढ़ होगा। उच्च शिक्षा व्यवस्था को गति देने के लिए यह निर्णय काफी अहम माना जा रहा है।
विभिन्न विश्वविद्यालयों में नए पदों का हुआ बंटवारा
आदेश के तहत उज्जैन स्थित सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय के खाते में कुलसचिव के 3 पद आए हैं। इसके अतिरिक्त जबलपुर, भोपाल और इंदौर को 2-2 पदों की स्वीकृति मिली है, जबकि महू एवं छिंदवाड़ा को 1-1 पद आवंटित किया गया है। सभी पदोन्नत अधिकारी अपनी मौजूदा पदस्थापना वाले संस्थान में ही प्रावधिक तौर पर उच्च पद का कार्यभार संभालेंगे। उनकी नियमित और नवीन पदस्थापना के संबंध में अलग से दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे।
