जबलपुर. वेस्ट सेंट्रल रेलवे एम्पलाइज यूनियन (डबलूसीआरईयू) के महामंत्री कामरेड मुकेश गालव ने आज बुधवार 1 जुलाई को पमरे के महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह से सौजन्य भेंट की और उन्हें जन्म दिवस की शुभकामनाएं दी। इस मौके पर का. गालव ने रेल कर्मचारियों की लंबित मांगों को प्रमुखता से उठाया.
यूनियन महामंत्री मुकेश गालव के साथ यूनियन के जोनल अध्यक्ष शिव मंगल कोषाध्यक्ष का. इरशाद खान, सिंटू सिंह, जबलपुर मंडल अध्यक्ष बीएन शुक्ला, मंडल सचिव रोमेश मिश्रा सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे। सबसे पहले का. गालव ने जीएम श्री सिंह को पुष्पगुच्छ भेंट कर शॉल ओढ़ाते हुए उन्हें जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं. तत्पश्चात उन्होंने पमरे के जबलपुर, कोटा व भोपाल मंडल के कर्मचारियों की पिछले काफी समय से लंबित मांगों को प्रमुखता से उठाया.
जीएम के समक्ष यूनियन ने रखी ये मांगेें
कामरेड मुकेश गालव ने जिन मांगो को उठाया, उनमें जीडीसीई का नोटिफिकेशन शीघ्र निकालने की मांग की, क्योंकि नोटिफिकेशन पिछले लगभग 4 सालों से नहीं निकाला गया है, जिससे कर्मचारियों में निराशा व अक्रोश है. इसके अलावा ट्रैकमैन्स का इंटेक कोटा से कैटेगरी चेंज करने, रेल कर्मचारियों के इंटर रेलवे स्थानांतरण क्लियर करने, रिक्त वैकेंसी को भरने, कर्मचारियों का प्रमोशन करने, कम्पनसेट नियुक्तियां जिनकी 31 दिसम्बर 2003 से पहले हुई है, उन्हें एनपीएस से ओपीएस में शामिल करने आदि मांगों को लेकर चर्चा की गई. यूनियन की मांगों को महाप्रबंधक ने बहुत ही ध्यान पूर्वक सुना व उचित निर्णय का आश्वासन दिया.

