जबलपुर। रेल मंत्रालय की तकनीकी शाखा क्रिस बड़ा बदलाव कर रही है। इससे तत्काल बुकिंग के समय सर्वर डाउन होने की समस्या खत्म हो जाएगी। टिकट बुकिंग सिस्टम के अपग्रेड होने से एक मिनट में 1.25 लाख टिकट बुक हो सकेंगे। पश्चिम मध्य रेलवे के अफसरों के मुताबिक समय-समय पर क्रिस के द्वारा बदलाव किए जाते हैं। अभी कुछ बदलाव किए जाने की सुगबुगाहट मिली है लेकिन कोई अधिकृत रूप से आदेश या निर्देश नहीं आया है।
रेल मंत्रालय के मुताबिक नया सिस्टम ऑनलाइन टिकट बुकिंग का पूरा अनुभव बदल देगा। अभी रेलवे का सिस्टम एक मिनट में केवल 25 हजार टिकट ही बुक कर पाता है। नया सिस्टम आने के बाद टिकट बुकिंग की स्पीड पांच गुना बढ़ जाएगी। यह जानकारी रेल मंत्रालय की तकनीकी शाखा ‘क्रिस’ (CRIS) ने अपने 41वें स्थापना दिवस पर दी है। अधिकारियों के मुताबिक इससे त्योहारों के समय टिकट बुक करना बहुत आसान हो जाएगा।
नए सिस्टम का सबसे बड़ा फायदा आम यात्रियों को मिलेगा। रोज़ सुबह 10 और 11 बजे तत्काल टिकट बुक करते समय सर्वर पर बहुत लोड रहता है। इस वजह से अक्सर ऐप हैंग हो जाता है या यूजर लॉग-आउट हो जाता है। रेलवे का मानना है कि नया सिस्टम इस भारी लोड को आसानी से संभाल लेगा। इससे यात्रियों को बिना किसी रुकावट के टिकट मिल सकेगा।