बताया गया है कि चालक राम सिंह यादव निवासी ग्राम औरैया, थाना पट्टी, जिला प्रतापगढ़ उत्तर प्रदेश ट्रक में इलेक्ट्रानिक वाहनों की बैटरियां लोड करके चेन्नई से नोएडा जाने निकला। जब वह जबलपुर-सिवनी रोड स्थित ग्राम मोहगांव के पास पहुंचा तो उसने पेट्रोल पम्प के सामने सड़क किनारे वाहन खड़ा किया और भोजन करने चला गया। रात दस बजे के लगभग ट्रक में अचानक आग लग गई, कुछ ही पल में आग ट्रक में रखी बैटरी तक पहुंच गई और बैटरियां धमाके के साथ फटने लगी और आग ने भीषण रुप धारण कर लिया। एक के बाद एक धमाके सुनकर आसपास के लोग दौड़कर पहुंच गए, देखा तो आग की लपटें ऊंची उठ रही थी। इसके बाद भी लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की लेकिन आग विकराल रुप धारण कर चुकी थी। खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए, जिन्होने फायर बिग्रेड को खबर दी। मौके पर पहुंची दो फायर बिग्रेड ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, उस वक्त तक ट्रक जलकर खाक हो चुका था।
आग बुझने के बाद भी उठता रहा धुआं-
हालांकि, आग बुझने के बाद भी ट्रक में रखी इलेक्ट्रिक कारों में उपयोग होने वाली आठ बैटरियों की प्लेटें अत्यधिक गर्म बनी रहीं, जिससे बार-बार धुआं और लपटें उठती रहीं। इसके चलते पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम देर रात तक मौके पर निगरानी करती रही, ताकि दोबारा आग न भड़क सके।