नई दिल्ली. रेलवे बोर्ड ने देश के सभी रेल जोनों में अनुकंपा, स्काउट्स एंड गाइड्स, खेल व सांस्कृतिक कोटा के तहत होने वाली भर्तियों के लिए एक समान व्यवस्था लागू करने की तैयारी कर रहा है। विभिन्न श्रेणियों में होने वाली भर्ती के लिए ट्रायल के साथ कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (सीबीटी) अथवा टैबलेट बेस्ड टेस्ट (टीबीटी) देना होगा।
रेलवे बोर्ड के निदेशक स्थापना (एन) यूके तिवारी ने भेजे पत्र में सभी जोनल रेलवे एवं प्रोडक्शन यूनिटों (सेंट्रल रेलवे और साउथ ईस्टर्न रेलवे को छोड़कर) से इस संबंध में व्यवहार्यता पर यथाशीघ्र आवश्यक सुझाव मांगे हैं। अभी तक इन श्रेणियों में भर्ती के लिए विभिन्न रेलवे जोन और इकाइयों में अलग-अलग नियम और प्रक्रियाएं लागू हैं। पूर्वोत्तर रेलवे में ही स्पोर्ट्स (खेल) कोटे में खिलाडिय़ों की नियुक्ति सिर्फ ट्रायल और उपलब्धियों के आधार पर होता है। अलग से कोई अन्य परीक्षा नहीं देनी होती।
अनुकंपा नियुक्तियों में सामान्य शैक्षणिक योग्यता और लिखने-पढऩे की क्षमता परीक्षण के लिए लिखित परीक्षा होती है। सांस्कृतिक कोटा के तहत गायन, वादन अथवा अन्य कला प्रस्तुतियों के साथ लिखित परीक्षा कराई जाती है। चयन का मुख्य आधार प्रदर्शन ही होता है।
आंकड़े जल्द भेजने के निर्देश दिए गए
स्काउट्स एंड गाइड्स कोटे की भर्तियों में भी अलग-अलग जोन में अलग व्यवस्थाएं प्रचलित हैं। जोनों में लिखित परीक्षा भी कराई जाती है। रेलवे बोर्ड अब इन सभी व्यवस्थाओं को एक समान करने पर काम कर रहा है, ताकि देश के किसी भी हिस्से में होने वाली भर्ती की प्रक्रिया और मानक एक जैसे हों। इसी उद्देश्य से सभी जगह सीबीटी अथवा टीबीटी लागू करने की रूपरेखा तैयार की जा रही है।
बोर्ड के निर्णय के पीछे यह है कारण
बोर्ड निदेशक का कहना है कि 24 अप्रैल 2026 को सभी जोनल रेलों से स्काउट्स एंड गाइड्स कोटा, कल्चरल कोटा तथा अनुकंपा नियुक्तियों के लिए सीबीटी व टीबीटी के माध्यम से परीक्षा या उपयुक्तता परीक्षण आयोजित करने की व्यवहार्यता पर सुझाव मांगे गए थे, लेकिन, कई रेलवे जोन और इकाइयों से अभी तक अपेक्षित जानकारी प्राप्त नहीं हुई है। प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए संबंधित महाप्रबंधकों (कार्मिक) को आवश्यक टिप्पणियां और आंकड़े जल्द भेजने के निर्देश दिए गए हैं।
