जबलपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े लूट की एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। ग्राम मंगला थाना मझौली निवासी 45 वर्षीय राजेन्द्र कुमार चक्रवर्ती ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि वे गलगला स्थित ऋषभ स्टोर में 15-20 वर्ष से कार्यरत हैं। घटना 29 जून की शाम लगभग 7:40 बजे की है, जब वे अपनी टीवीएस एक्सेल गाड़ी के पीछे सिगरेट के 3 बंडल बांधकर रागी पान मसाला विजय नगर सप्लाई देने जा रहे थे। जैसे ही वे दत्त वकील के घर के पास खटीक मोहल्ला पहुंचे, तभी एक अज्ञात व्यक्ति ने अचानक पीछे आकर गाड़ी में बंधी रस्सी खोल दी और सिगरेट का एक बंडल लूट लिया जिसकी कीमत लगभग 63 हजार 500 रुपये है। राजेन्द्र ने पीछा करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने उन्हें धमकाया और पास खड़ी एक्टिवा पर सवार होकर अपने साथी के साथ फरार हो गया। पुलिस ने धारा 309(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहले से ताक में थे बदमाश
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि लुटेरे पहले से ही राजेन्द्र की रेकी कर रहे थे। जिस समय यह घटना हुई, वहां सड़क पर काफी चहल-पहल थी, इसके बावजूद बदमाशों ने बिना किसी डर के वारदात को अंजाम दिया। आरोपी ने सिगरेट का बंडल हाथ में लेते ही व्यापारी को डराया और अपने दूसरे साथी की मदद से तेजी से मौके से भाग निकला। कोतवाली पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके। राजेन्द्र कुमार ने पुलिस को दी गई जानकारी में बताया कि एक्टिवा पर सवार दोनों लुटेरे बेहद तेजी से फरार हुए। पुलिस ने क्षेत्र में नाकेबंदी बढ़ा दी है और अपराधियों की तलाश की जा रही है।
