जबलपुर। जिले में पटवारियों की पांच सूत्रीय मांगों को लेकर चल रहा सामूहिक अवकाश रविवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। आंदोलन के तहत जबलपुर जिला पटवारी संघ के पदाधिकारियों ने गत दिवस विधायक अशोक रोहणी से मुलाकात की और उन्हें अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। संघ का कहना है कि उनकी लंबित मांगों पर सरकार द्वारा अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है जिससे पूरे प्रदेश के पटवारियों में भारी असंतोष है। ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला अध्यक्ष जागेंद्र पिपरी, जिला कार्यकारी अध्यक्ष मुक्ता चौकसे, पंकज पाठक, संतोष राय, सुनील विश्वकर्मा, अंकित विश्वकर्मा, नीलम श्रीवास्तव और खुशबू विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में पटवारी मौजूद रहे। इन लोगों ने स्पष्ट किया कि मांगों का समाधान न होने से राजस्व कार्य लगातार प्रभावित हो रहे हैं।
पटवारियों की हड़ताल से ठप राजस्व कार्य
विधायक श्री रोहाणी ने पटवारियों की मांगों को पूरी तरह जायज ठहराते हुए उन्हें सकारात्मक पहल का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि वे इस विषय पर मुख्यमंत्री से चर्चा करेंगे और विधानसभा में भी इन समस्याओं को मजबूती के साथ रखेंगे ताकि इनका जल्द समाधान हो सके। अपनी मांगों को लेकर पटवारी लगातार तीसरे दिन भी सामूहिक अवकाश पर रहे। इस आंदोलन के कारण राजस्व से संबंधित कामकाज पूरी तरह ठप पड़ गए हैं और आम जनता को अपने जरूरी कार्यों के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
