जबलपुर। मदन महल स्थित प्रेम नगर के राजुल अपार्टमेंट में भारतीय विमान पत्तन प्राधिकरण के एजीएम महेंद्र झारिया के घर से अज्ञात चोरों ने लाखों का सामान पार कर दिया। महेंद्र झारिया वर्तमान में गोंदिया महाराष्ट्र ट्रेनिंग सेंटर में पदस्थ हैं। उनकी पत्नी बच्चों के साथ मायके शास्त्रीनगर गई थी और घर पर ताला लगा था। 30 जून की रात को अपार्टमेंट के सदस्य सरदार हरशरण सिंह ने महेंद्र को फोन पर घर में चोरी होने की सूचना दी। जबलपुर पहुँचने पर महेंद्र ने देखा कि मेन गेट का ताला टूटा था और दोनों बेडरूम में अलमारियों का सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी से 40 हजार रुपये नगद और चांदी के 3 सिक्के गायब मिले। थाना गढ़ा पुलिस ने महेंद्र झारिया की रिपोर्ट पर धारा 331(4) और 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए दो संदिग्ध
जांच के दौरान राजुल अपार्टमेंट की पार्किंग में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए। फुटेज में 2 अज्ञात युवक रात 1-30 बजे चेहरा छिपाकर अपार्टमेंट के अंदर घुसते हुए दिखाई दिए और सुबह 4 बजे वापस निकलते हुए दिखे। इन युवकों की उम्र लगभग 25-30 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस अब इन संदिग्धों की पहचान करने और उनकी तलाश में जुट गई है। महेंद्र झारिया ने बताया कि वे काम के सिलसिले में बाहर थे और पीछे से चोरों ने मौका पाकर घर को निशाना बनाया। फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और फुटेज के आधार पर चोरों की धरपकड़ के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। क्षेत्र में हुई इस वारदात से रहवासियों में दहशत का माहौल है और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
