सागर. मध्य प्रदेश में एक रहस्यमयी घटना से लोग हैरान हैं. दरअसल यहां पर एक 18 साल के लड़के के साथ घट रही घटना को लेकर उसके परिजन बहुत परेशान हैं. पिछले 8 महीने में लड़के को चार बार जहरीला सांप काट चुका है. लेकिन आश्चर्यजनक ढंग से हर बार वह मौत को मात दे देता है.
दरअसल, बंडा तहसील के धुरमार गांव का नमन पिता नारायण चौबे 12वीं कक्षा में पढ़ता है. लेकिन उसको बार-बार सांप डस रहा है. पिछले 8 महीने में चार बार सांप के काटे जाने की घटना नमन के साथ घट चुकी है. पिछले मंगलवार को रात को जब वह घर पर था तब इस सांप ने डस लिया. उसकी तबीयत बिगडऩे लगी और तेज बुखार आने लगा तो परिवार के लोग उसे तत्काल बंडा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे. हालत में सुधार नहीं देखते हुए उसे सागर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया. जहां फिलहाल नमन की हालत ठीक बताई जा रही है. हालांकि उसे अभी अस्पताल से छुट्टी नहीं दी गई है.
दहशत में है परिवार के लोग
नमन की हालत ठीक हो जाने के बाद भी उसके परिजन एक अनजाने डर से डरे हुए हैं. नमन के चाचा प्रभुदयाल चौबे ने बताया कि, नमन को घर पर ही सांप ने काटा था और तबीयत बिगडऩे पर हम लोग तत्काल बंडा अस्पताल ले गए थे. हालत में सुधार नहीं होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है. लेकिन हम लोग इस बात को लेकर परेशान हैं कि पिछले 8 महीने में नमन को चार बार सांप डस चुका है. बार-बार घट रही इस घटना को लेकर नमन और परिवार के लोग अनजाने भय से परेशान हैं और उनके मन में दहशत बैठ गई है. अब हम लोगों को चिंता लगने लगी है कि ऐसी घटना बार-बार क्यों घट रही है.
चारों बार पहुंचे अस्पताल, तो बची जान
नमन के साथ हो रही बार-बार सांप काटने की घटना को लेकर उसके चाचा बताते हैं कि, पहली बार पिछली साल नवंबर महीने में नमन को सांप ने डसा था. फिर एक महीने बाद दिसंबर में और फिर तीसरी बार जनवरी में डस दिया. उसके 5 महीने बाद फिर 30 जून को फिर उसे सांप ने डस लिया. नमन के चाचा कहते हैं कि बार-बार सांप काटने को लोग अंधविश्वास से जोड़ रहे हैं. लेकिन हम लोग हर बार अस्पताल पहुंचे और इलाज के कारण नमन की जान बच गई. हम जनता से भी यही कहना चाहते हैं कि सांप काटने पर तांत्रिकों के चक्कर में ना पड़े और सीधे अस्पताल पहुंचे.
