जबलपुर। बरेला थाना अंतर्गत ग्राम महगवां काशी निवासी सुनील खरकोंदा उम्र 46 वर्ष ने नंदकिशोर तिवारी और दिनेश तिवारी के खिलाफ घर में तोड़फोड़ और सामान गायब करने का मामला दर्ज कराया है। सुनील ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 14 जून को दोपहर 3-4 बजे के बीच जब वह घर पर नहीं था, तब पड़ोसी नंदकिशोर और दिनेश ने सूने घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। आरोपियों ने न केवल घर के मुख्य द्वार को हटाकर वहां दीवार खड़ी कर दी, बल्कि बिजली मीटर और अन्य संपत्तियों को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। घर से सोने का मंगलसूत्र, एक अंगूठी, चांदी की पायल, करधनी, बर्तन, कपड़े, सीलिंग फैन, सेटटॉप बॉक्स और साइकिल गायब है। आरोपियों ने सुनील को जान से मारने की धमकी देकर वहां से भगा दिया।
दबंग भाइयों ने सूने घर पर जमाया कब्जा
पीड़ित ने जब घटना के बाद घर आकर देखा तो सामान नदारद था और घर का हुलिया बदला हुआ था। आरोपियों ने बड़ी चालाकी से घर पर कब्जा करने के उद्देश्य से तोड़फोड़ की और कीमती जेवर व गृहस्थी का सारा सामान खुर्दबुर्द कर दिया। सुनील की लिखित शिकायत पर पुलिस ने दोनों भाइयों नंदकिशोर तिवारी और दिनेश तिवारी के विरुद्ध बीएनएस की धारा 316(2) के तहत मामला पंजीबद्ध कर लिया है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ शुरू की जांच
घटना के बाद से क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति है। पुलिस ने सुनील के बयानों के आधार पर मामले की विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही दोनों आरोपियों को पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा और लूटे गए सामान की बरामदगी के प्रयास किए जाएंगे। घटना के बाद से पीड़ित सुनील काफी डरा हुआ है और उसने पुलिस से सुरक्षा व न्याय की गुहार लगाई है।
