मेयर इन काउंसिल में हुए कई बड़े निर्णय,शहर में 11 लाख पौधे रोपे जाएंगे
जबलपुर। जबलपुर के सर्वांगीण विकास और नागरिक सुविधाओं को अत्याधुनिक बनाने की दिशा में महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू की अध्यक्षता में मेयर इन काउंसिल की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। इस बैठक में तिलहरी आवासीय योजना के 288 मकानों का निर्माण पीपीपी मोड पर करने का निर्णय लिया गया, जिससे नगर निगम को 18 करोड़ रुपये का राजस्व मिलेगा। बैठक में पर्यावरण संरक्षण हेतु शहर के 1500 स्थानों पर वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने और आगामी तीन माह में 11 लाख पौधे रोपने का लक्ष्य तय किया गया। इसके साथ ही 12 अत्याधुनिक टॉयलेट्स, 50 स्थलों पर साइकिलिंग सुविधा, राइट टाउन स्टेडियम में ओलंपिक भवन का निर्माण और 6 करोड़ रुपये की लागत से 5 श्मशान घाटों का उन्नयन करने के निर्णय लिए गए। डुमना नेचर पार्क में 5 स्टार होटल और प्रशासनिक कार्यों से जुड़े प्रस्ताव भी पारित किए गए।
आवास निर्माण और पर्यटन को मिलेगी नई दिशा
तिलहरी आवासीय योजना के तहत लंबे समय से अटके 288 मकानों के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। इन आवासों का निर्माण जो जहां है जैसा है की स्थिति में पीपीपी मोड पर पूरा करने का ठेका दे दिया गया है। इससे निर्माण कार्य में तेजी आएगी और नगर निगम के खजाने में 18 करोड़ रुपये की राशि जमा होगी। इसके अतिरिक्त डुमना नेचर पार्क में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए पीपीपी मोड पर स्वीश टेंट पद्धति से 5 स्टार होटल और रेस्टोरेंट का संचालन किया जाएगा। यह कदम जबलपुर में पर्यटन की संभावनाओं को नई ऊंचाइयां प्रदान करेगा। खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से राइट टाउन स्टेडियम की खाली भूमि पर ओलंपिक भवन का निर्माण कराया जाएगा।
बेहतर नागरिक सुविधाएं और पर्यावरण संरक्षण
नागरिकों की सुविधा और सेहत को ध्यान में रखते हुए शहर के 50 प्रमुख स्थलों पर पीपीपी मोड पर साइकिलिंग की व्यवस्था शुरू की जा रही है। इससे लोगों को आवागमन का पर्यावरण अनुकूल विकल्प मिलेगा और नगर निगम को जगह के किराये के रूप में आय प्राप्त होगी। राहगीरों की सुविधा के लिए शहर में 12 नए अत्याधुनिक मॉडल के टॉयलेट्स का निर्माण इसी माह से प्रारंभ होगा। वहीं शहर के 5 प्रमुख श्मशान घाटों को 6 करोड़ रुपये की लागत से संवारा जाएगा। भू-जल संरक्षण के लिए शहर के 1500 चिन्हित स्थानों पर वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने का कार्य युद्ध स्तर पर शुरू किया जा रहा है। पर्यावरण सुधार के लिए तीन माह के अंदर 11 लाख पौधे लगाने का संकल्प भी लिया गया है।
प्रशासनिक कार्यों पर भी लगी मोहर
मेयर इन काउंसिल की बैठक में विकास कार्यों के साथ-साथ आम नागरिकों से जुड़ी प्रशासनिक प्रक्रियाओं को भी गति प्रदान की गई। इसमें लीज नवीनीकरण, नामान्तरण, नामकरण एवं निगम के अधिकारियों व कर्मचारियों के हितों से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा कर उन्हें सर्वसम्मति से पारित किया गया। बैठक में मेयर इन काउंसिल के सदस्य डॉ सुभाष तिवारी, दामोदर सोनी, विवेकराम सोनकर, श्रीमती अंशुल राघवेन्द्र यादव, श्रीमती रजनी कैलाश साहू उपस्थित रहे। बैठक में निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार और मेयर इन काउंसिल के सचिव दिनेश प्रताप सिंह सहित निगम के सभी अपर आयुक्त, उपायुक्त, सहायक आयुक्त एवं विभागीय प्रमुख मौजूद रहे। कुछ जटिल बिन्दुओं पर विधिक अभिमत लेने का निर्णय लिया गया ताकि भविष्य में कोई कानूनी बाधा न आए।
