जबलपुर। बेलखेड़ा से बरमान रोड पर तेज बारिश में नालों के रपटे उफान पर थे। गुरूवार को लगातार हो रही बारिश में कई जगहों पर रास्ते बंद थे। रपटों के ऊपर से पानी बह रहा था। इस बीच बेलखेड़ा-बरमान मार्ग पर एक बोलेरो गाड़ी रपटा पार करने पानी में डाल दी गई। पल भर में ही बुलेरो नाले के अथाह पानी में समा गई। बुलेरो में ड्राइवर समेत 4 कर्मचारी सवार थे। उफनते नाले को पार करने की कोशिश में चालक की मौत हो गई। ग्रामीणों ने बुलेरो शराब ठेकेदार की बताई है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कटाव के पास बने रपटे पर करीब 3 फीट पानी बह रहा था। वहां मौजूद दर्जनों लोग पानी कम होने का इंतजार कर रहे थे। इसी समय बुलेरो आई और उसके चालक ने रपटे के उफनाते पानी में गाड़ी डाल दी। नतीजा यह हुआ कि पानी के तेज बहाव में बुलेरो बह गई। देखते ही देखते नाले के गहरे पानी में समा गई। चीख-पुकार के बीच गाड़ी में सवार तीन लोगों ने कार का कांच तोड़कर किसी तरह अपनी जान बचा ली। चालक सदर निवासी रवि पिल्ले बुलेरो के भीतर ही फंस गया। करीब 3 घंटे तक यह बोलेरो गाड़ी पानी में डूबी रही। जब जलस्तर थोड़ा कम हुआ, तब ग्रामीणों ने गाड़ी का दरवाजा खोला और ड्राइवर रवि पिल्ले को बाहर निकाला। पिल्ले को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
