रीवा. एमपी के रीवा के बाल सुधार गृह (बाल संप्रेषण गृह) में सोमवार 13 जुलाई की देर रात एक नाबालिग ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिसर में हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान सीधी जिले के अमिलिया थाना क्षेत्र निवासी अभिषेक पटेल (पिता- चंद्रशेखर पटेल) के रूप में हुई है। उसे बीते सप्ताह पॉक्सो एक्ट से जुड़े एक मामले में न्यायालय के आदेश पर रीवा के बाल संप्रेषण गृह में निरुद्ध किया गया था।
देर रात फंदे पर लटका मिला
सोमवार देर रात बाल सुधार गृह के कर्मचारियों को नाबालिग फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही अधिकारियों और पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बाल सुधार गृह में ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड जवान अमित कुमार तिवारी ने बताया कि नाबालिग ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। घटना के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
परिजनों को दी गई सूचना
पुलिस ने घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दे दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि आत्महत्या के पीछे की वजह का पता लगाने के लिए बाल सुधार गृह की परिस्थितियों और अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
