जबलपुर। चलते ई-रिक्शा अचानक लॉक हो रहे हैं। अज्ञात ऐप के माध्यम से ई-रिक्शा को लॉक कर दिया जा रहा है। ऐसे में रिक्शा चालकों के सामने रोजी रोटी का संकट खड़ा हो गया है। अब तक ऐप के जरिए ढेरों रिक्शा लॉक किए जा चुके हैं।
इस मामले में ' खबर अभी तक ' ने पड़ताल की तो यह सामने आया कि रिक्शा चलाने वाले जाकिर इस परेशानी से जूझ रहे हैं। दरअसल, चाइनीज ऐप से ई-रिक्शा को बंद कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर इस तरह के कई वीडियो हैं, जिसमें ऐप का इस्तेमाल करके ई-रिक्शा होने की बात की जा रही है।
ऐसे होता है लॉक
पड़ताल में फोन का ब्लूटूथ ऑन करके बैट-बीएमएस ऐप से कनेक्ट किया गया। कनेक्ट होने के बाद जाकिर के रिक्शा का कंट्रोल हमारे पास आ गया। जब रिक्शा को ऐप से बंद नहीं किया गया था तो रिक्शा चालू था और हॉर्न बज रहा था, लेकिन जैसे ही ऐप पर ऑफ ऑप्शन पर क्लिक किया। रिक्शा बंद हो गया। जाकिर के मुताबिक पिछले कई दिनों से लोग उसका रिक्शा बंद कर रहे हैं।
क्या है बैट-बीएमएस
बैट-बीएमएस एक मोबाइल एप्लिकेशन है, जिसे शेनजे़न ग्रीनएनर्जी टेक्नोलॉजी नाम की चीनी कंपनी ने डेवलप किया है। मूल रूप से ये कंपनी बैटरियों की मैन्युफैक्चरिंग करती है। कई देशों में इनकी बिक्री भी करती है। यह ऐप ब्लूटूथ.आधारित बैटरी मैनेजमेंट सिस्टम से लैस स्मार्ट लिथियम बैटरियों से कनेक्ट करने के लिए बनाया गया है, जिससे लोग फ़ोन पर ही अपनी गाड़ी की बैटरी का स्टेटस देख पाए और उसे संचालित कर पाए। हालांकि भारत में इसका प्रयोग लोगों ने ई-रिक्शा को बंद करने के लिए करना शुरू कर दिया।
