जबलपुर। पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर रेल मंडल में कार्यस्थलों को अधिक आधुनिक, व्यवस्थित एवं कर्मचारी-अनुकूल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय स्थित परिचालन विभाग के नवीनीकृत कार्यालय एवं नवीन हॉल का शुभारंभ आज मंडल रेल प्रबंधक कमल कुमार तलरेजा द्वारा किया गया।
इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक दिनेश कुमार कलामे एवं अभय कुमार गुप्ता, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ. मधुर वर्मा, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक श्री प्रिंस विक्रम, वरिष्ठ मंडल अभियंता (समन्वय) राहुल जयपुरियार, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता (कोचिंग) अनुराग पांडे सहित मंडल के विभिन्न विभागों के शाखा अधिकारी एवं परिचालन विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।
नवीनीकरण के अंतर्गत कार्यालय एवं हॉल को अधिक सुव्यवस्थित, आकर्षक एवं कार्य के अनुकूल स्वरूप प्रदान किया गया है। बेहतर प्रकाश व्यवस्था, बैठने की सुविधाएं तथा कार्यस्थल की समुचित व्यवस्था से कर्मचारियों को अधिक सुविधाजनक एवं सकारात्मक कार्य वातावरण प्राप्त होगा। इससे परिचालन संबंधी कार्यों के निष्पादन में दक्षता, समन्वय एवं कार्यकुशलता में और अधिक वृद्धि होने की अपेक्षा है।मंडल रेल प्रबंधक श्री तलरेजा ने इस अवसर पर कहा कि कर्मचारियों को बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराना रेलवे प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। आधुनिक एवं सुव्यवस्थित कार्यालय न केवल कार्यक्षमता बढ़ाते हैं, बल्कि कर्मचारियों के मनोबल एवं उत्पादकता में भी सकारात्मक वृद्धि करते हैं। कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक श्री प्रिंस ने उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया तथा नवीनीकृत कार्यालय के सफल निर्माण एवं शुभारंभ में सहयोग देने वाले सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना की।

