khabar abhi tak

जिला अधिवक्ता संघ चुनाव में प्रत्याशियों ने झोंकी ताकत,सोमवार को वोटिंग



जबलपुर। जिला अधिवक्ता संघ चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए मुकाबला बेहद रोमांचक हो गया है। सोमवार को होने वाले मतदान के लिए तैयारी पूरी कर ली गई है जिसमें 3313 अधिवक्ता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। अध्यक्ष पद के लिए मनीष मिश्रा, नरेंद्र जैन, ज्योति राय, डी.पी. तिवारी, एच.आर. नायडू और अभय शुक्ला के बीच सीधा मुकाबला है। मुख्य मुकाबला पूर्व अध्यक्ष मनीष मिश्रा और नरेंद्र जैन के बीच माना जा रहा है जबकि ज्योति राय भी मजबूत दावेदारी पेश कर रही हैं। अध्यक्ष के अलावा सचिव पद के लिए 8, सहसचिव के लिए 5, कोषाध्यक्ष के लिए 4, पुस्तक सचिव के लिए 4 और कार्यकारिणी सदस्य के लिए 51 प्रत्याशी मैदान में डटे हैं। चुनाव अधिकारी जी.एस. ठाकुर ने निष्पक्ष मतदान के लिए विशेष इंतजाम किए हैं।

ऐसी है मतदान प्रक्रिया और सुरक्षा व्यवस्था

​जबलपुर जिला अधिवक्ता संघ के चुनाव के लिए मतदान केंद्र पर सुरक्षा और पारदर्शिता का विशेष ध्यान रखा गया है। चुनाव अधिकारी जी.एस. ठाकुर के अनुसार मतदाता गेट नंबर 4 से प्रवेश करेंगे और मतदान के बाद गेट नंबर 3 से बाहर निकलेंगे। गेट नंबर 4 से बैंक तक केवल प्रत्याशियों को प्रचार करने की अनुमति होगी जबकि समर्थकों को गेट के बाहर ही रहना होगा। मतदान केंद्र के भीतर प्रचार सामग्री ले जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ अधिवक्ता एवं अस्वस्थ अधिवक्ताओं के लिए अलग से व्यवस्था की गई है। मतदान के बाद जिला बार की नई कार्यकारिणी का फैसला मतपेटियों में बंद हो जाएगा जिसके बाद परिणामों का इंतजार रहेगा।

​अधिवक्ताओं के बीच समर्थन जुटाने की तेज हुई कवायद

​मतदान से ठीक पहले प्रत्याशी और उनके समर्थक अधिवक्ताओं से लगातार व्यक्तिगत संपर्क कर समर्थन हासिल करने में जुटे हैं। बार परिसर में सुबह से शाम तक चुनावी चर्चाओं का माहौल बना हुआ है और सभी पदों पर मुकाबला कड़ा है। प्रत्याशी अपने पक्ष में माहौल बनाने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं और समर्थक भी अंतिम समय तक पूरी सक्रियता के साथ मैदान में डटे हुए हैं। अधिवक्ताओं में इस बार चुनाव को लेकर खासा उत्साह है और पूरे परिसर में चुनावी गतिविधियां चरम पर हैं। बार के हर कोने में समर्थकों की भीड़ और चुनावी चर्चाएं साफ देखी जा सकती हैं जो चुनाव के रोमांच को और बढ़ा रही हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak