जबलपुर। तिलवारा थाना क्षेत्र के ग्राम सकरी में रविवार की सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब अवैध शराब पकड़ने के नाम पर सादे कपड़ों में पहुंचे दो पुलिस कर्मियों को ग्रामीणों ने बंधक बना लिया। थाने में पदस्थ हवलदार पृथ्वीराज और राजेश परते पर घरों में घुसकर महिलाओं से अभद्रता करने और जबरन वसूली का आरोप लगाते हुए भारी संख्या में ग्रामीण महिलाओं व बच्चों के साथ थाने पहुंच गए। प्रदर्शनकारियों ने थाने का घेराव कर जमकर नारेबाजी की और करीब दो घंटे तक हंगामा चलता रहा। अधिकारियों के हस्तक्षेप और समझाइश के बाद मामला शांत हुआ जबकि इस पूरी घटना से पुलिस महकमे में खलबली मच गई है।
वर्दी की धौंस ने ग्रामीणों का सब्र तोड़ा
घटना की शुरुआत रविवार सुबह हुई जब तिलवारा थाने के हवलदार पृथ्वीराज और राजेश परते बिना वर्दी के ग्राम सकरी पहुंचे। ग्रामीणों का आरोप है कि दोनों पुलिस कर्मी अवैध शराब पकड़ने के बहाने सीधे घरों के अंदर घुस गए और तोड़फोड़ तथा धक्का-मुक्की करते हुए महिलाओं से अभद्रता करने लगे। इस हरकत से गुस्साए ग्रामीणों ने तत्काल भीड़ इकट्ठा कर ली और दोनों पुलिस कर्मियों को मौके पर ही घेरकर बंधक बना लिया। हंगामे के बीच पुलिस कर्मी राजेश परते किसी तरह वहां से भाग निकला और अपने उच्च अधिकारियों को इस अप्रिय घटना की पूरी जानकारी दी।
बंधक बने पुलिस कर्मी को बलपूर्वक छुड़ाया गया
सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में सनसनी फैल गई और तत्काल स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल ग्राम सकरी के लिए रवाना किया गया। अधिकारियों ने सबसे पहले ग्राम सरपंच से फोन पर संपर्क किया और स्थिति का जायजा लेते हुए फोर्स को गांव में दाखिल किया। पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और बंधक बनाए गए हवलदार पृथ्वीराज को सुरक्षित मुक्त कराया। इस घटना से आक्रोशित ग्रामीण चुप नहीं बैठे और इसके तुरंत बाद थाने का रुख किया।
