khabar abhi tak

होम साइंस कॉलेज में नई ड्रेस लागू करने से भड़की छात्राओं ने किया चक्काजाम, बोलीं- नहीं मानेंगे आदेश

जबलपुर. सोमवार 6 जुलाई को जबलपुर के होम साइंस कॉलेज की सैकड़ों छात्राएं नई यूनिफॉर्म अनिवार्य किए जाने के विरोध में सड़क पर उतर आईं। छात्राओं ने कॉलेज से निकलकर शहर के व्यस्त शास्त्री ब्रिज चौराहे पर चक्काजाम कर प्रदर्शन किया। करीब एक घंटे तक चले प्रदर्शन के कारण चारों ओर का यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही पुलिस, कॉलेज प्रबंधन और उच्च शिक्षा विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और छात्राओं को समझाने का प्रयास किया।

आर्थिक कमजोर परिवारों पर अतिरिक्त बोझ आ गया

प्रदर्शन कर रही छात्राओं का कहना था कि उनकी वर्तमान यूनिफॉर्म पूरी तरह ठीक है और उसे बदलने की कोई आवश्यकता नहीं है। उनका आरोप था कि कॉलेज प्रबंधन ने नए शैक्षणिक सत्र से नई यूनिफॉर्म खरीदना अनिवार्य कर दिया है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर और मध्यम वर्गीय परिवारों पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। बीए द्वितीय वर्ष की छात्राओं ने कहा कि उनके परिवार की आर्थिक स्थिति हर साल नई यूनिफॉर्म खरीदने की अनुमति नहीं देती। उन्होंने कहा कि कॉलेज में बड़ी संख्या में ऐसे परिवारों की छात्राएं पढ़ती हैं, जिनके अभिभावक मजदूरी या निजी नौकरी करते हैं। ऐसे में फीस के साथ हर वर्ष नई यूनिफॉर्म खरीदना उनके लिए मुश्किल है।

चौराहे पर लग गया जाम

छात्राओं ने बताया कि प्रथम वर्ष में प्रवेश के समय कॉलेज प्रबंधन के निर्देश पर उन्होंने दो जोड़ी यूनिफॉर्म खरीदी थी। अब दूसरे वर्ष में प्रवेश के साथ फिर नई यूनिफॉर्म खरीदने का निर्देश दिया गया है। उनका कहना था कि जब पुरानी यूनिफॉर्म उपयोग योग्य है, तो उसे बदलने की कोई आवश्यकता नहीं है। प्रदर्शन के दौरान छात्राओं ने स्पष्ट कहा कि जब तक कॉलेज प्रबंधन अपना निर्णय वापस नहीं लेता, वे नई यूनिफॉर्म नहीं खरीदेंगी। चक्काजाम के चलते शास्त्री ब्रिज चौराहे पर लंबा जाम लग गया और यातायात व्यवस्था प्रभावित रही।

कॉलेज से चर्चा करेंगे अतिरिक्त संचालक

घटना की जानकारी मिलने पर उच्च शिक्षा विभाग के अतिरिक्त संचालक अल्केश चतुर्वेदी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि छात्राओं की मुख्य आपत्ति नई लाइट येलो रंग की यूनिफॉर्म को लेकर है। उन्होंने कहा कि कॉलेज प्राचार्य से चर्चा की जा रही है और प्रयास है कि ऐसा समाधान निकले, जिससे छात्राओं और कॉलेज प्रबंधन दोनों की सहमति बन सके। उन्होंने यह भी संकेत दिए कि यूनिफॉर्म को वैकल्पिक (ऐच्छिक) बनाए जाने जैसे विकल्प पर विचार किया जा रहा है। प्रदर्शन के दौरान मदनमहल, गढ़ा और ओमती थाना पुलिस का बल भी मौके पर तैनात रहा। सीएसपी एम.डी. नगोतिया ने बताया कि छात्राओं और कॉलेज प्रबंधन के बीच बातचीत जारी है। उन्होंने कहा कि बिना अनुमति सार्वजनिक चौराहे पर प्रदर्शन किए जाने के मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई पर भी विचार किया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak