जबलपुर। बेलबाग थानान्तर्गत घमापुर चौराहा के पास आज शाम प्रापर्टी को लेकर उपजे विवाद पर एक युवक की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। हमला होते देख युवक का भाई पहुंचा तो उसपर भी हमला किया गया। घटना की खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए, जिन्होने दो आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया है। वहीं अन्य आरोपियों को पकडऩे के लिए पुलिस की टीम संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार विशाल नामक युवक का क्षेत्र के कुछ युवकों ने प्रापर्टी को लेकर पुराना विवाद चला आ रहा है। जिसके चलते बदमाश हर वक्त बदला लेने की फिराक में रहते थे। आज शाम दोनों ही पक्ष आमने सामने हो गए, जिनके बीच विवाद हो गया, विवाद कुछ ही पल में खूनी संंघर्ष में तब्दील हो गया। जिसपर सावन सोनकर, रेयांश रैकवार, बल्लू और साहिल ने मिलकर विशाल पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में विशाल के शरीर पर गंभीर चोटें आई। हमला होते देख भाई बीच बचाव करने आया तो उसपर भी हमला किया गया। सरेराह घटना होते देख आसपास के लोगों में चीख पुकार अफरातफरी मच गई। खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और विशाल को उपचार के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया जहां पर डाक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। वहीं पुलिस ने मौके से ही सावन सोनकर और रेयांश रैकवार को गिरफ्तार कर लिया। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस हत्या के पीछे की वजह और पुरानी रंजिश के पहलुओं की जांच कर रही है। साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।