पुलिस को पूछताछ में किशोरी ने बताया कि वह अपने सगे पिता की गंदी हरकतों से त्रस्त होकर 9 जुलाई को शहडोल रेलवे स्टेशन पहुंची, फिर कटनी और इसके बाद 180 किलोमीटर दूर जबलपुर आ गई। यहां दिनभर शहर में घूमती, रात में रेलवे स्टेशन पर सोती। बीती शाम रेलवे स्टेशन पर बैठे देखकर एक पुलिसकर्मी उसके पास पहुंचा। उसे महिला थाने ले आया। जहां उसने आपबीती सुनाई। पुलिस ने मां को फोन लगाया तो वो गुरुवार को जबलपुर पहुंची। किशोरी का कहना था कि वह घर नहीं जाना चाहती क्योंकि फिर से पिता वही गंदी हरकत करेगा। इसके बावजूद पुलिस ने पिता के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। उल्टे उसे मां के साथ शहडोल भेज दिया। किशोरी का कहना है कि उसे नहीं पता कि शहडोल पुलिस पिता पर कार्रवाई करती है या नहीं?
शराबी पिता एक साल से कर रहा छेड़छाड़-
किशोरी ने पुलिस को बताया कि पिता एक प्राइवेट कंपनी में काम करते हैं। करीब एक साल पहले रात को शराब पीकर घर आए। मैं अपने कमरे में सो रही थी। आंख खुली तो देखा कि पिता मेरे बगल में बैठे हैं। उनके शरीर पर कपड़े नहीं हैं। मुझे लगा कि वे शराब के नशे में हैं, इसलिए वहां से उठकर मां के पास चली गई। कुछ दिन तो सब कुछ ठीक रहा, फिर ऐसा लगातार होने लगा। हमेशा का काम हो गया था कि वे रात को शराब के नशे में घर आते और फिर पूछते कि क्या पेट में दर्द हो रहा है? इसके बाद कपड़े ऊपर कर यहां-वहां हाथ लगाते। पिता की गंदी हरकतों से परेशान होकर न चाहते हुए भी उनके वीडियो मोबाइल में कैद कर लिए।
शराबी युवक से जबरन करा दी शादी-
पुलिस का पूछताछ में नाबालिगा ने बताया कि पिता की हरकतों की जानकारी मां को दी गई, मां ने उन्हें समझाने की कोशिश की तो उनको भी पीटा। इसके बाद मेरी मर्जी के बिना 5 मई 2026 को 20 साल बड़े युवक से शादी करवा दी। वह भी शराबी था, मेरे साथ अक्सर मारपीट करता।
पुलिस ने भी पहले भरोसा नहीं किया,वीडियो देखे तो स्तब्ध रह गए-
बीती शाम को जब किशोरी ने बुधवार शाम को जबलपुर के महिला थाने में अपने पिता की गंदी हरकतों के बारे में बताया तो पुलिस भरोसा नहीं कर सकी। इस पर उसने पिता की हरकतों के वीडियो दिखाए। इन्हें देखकर पुलिस भी हैरान रह गई।
शेल्टर होम पहुंचाया गया-
पुलिस ने पूछताछ के बाद किशोरी को शेल्टर होम पहुंचाया, फिर शहडोल पुलिस और किशोरी की मां को सूचना दी। आज सुबह किशोरी की मां और उसके मामा शहडोल पुलिस के साथ जबलपुर पहुंचे। मां ने बताया कि बेटी के पेट में कुछ दिन से दर्द हो रहा था, जिसका इलाज कराने वह अपने बड़े भाई के साथ कटनी गई थी।