जबलपुर। पश्चिम मध्य रेल के निशातपुरा (भोपाल) रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को बड़ी रेल सुविधा प्रदान करते हुए दिनांक 28 जुलाई 2026 को दो महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों के नियमित ठहराव का शुभारंभ किया गया। निशातपुरा रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने डॉ. अंबेडकर नगर–श्री माता वैष्णो देवी कटरा मालवा एक्सप्रेस एवं जबलपुर–वेरावल एक्सप्रेस के निशातपुरा स्टेशन पर नियमित ठहराव का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण तथा सहकारिता मंत्री श्री विश्वास सारंग, सांसद श्री आलोक शर्मा, माननीय विधायक एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। रेल प्रशासन की ओर से पमरे महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह, मंडल रेल प्रबंधक भोपाल पंकज त्यागी एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे ढ्ढ
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने अपने उद्बोधन में कहा कि रानी कमलापति स्टेशन, वंदे भारत ट्रेनों और मेट्रो सेवाओं के बाद भोपाल को अत्याधुनिक निशातपुरा रेलवे स्टेशन की सौगात मिली है। लगभग 14 करोड़ की लागत से विकसित यह स्टेशन भोपाल का पाँचवाँ यात्री स्टेशन है, जहाँ फुट ओवरब्रिज, लिफ्ट, हाई लेवल प्लेटफॉर्म, आधुनिक प्रतीक्षालय, कोच गाइडेंस एवं ट्रेन इंडिकेटर सिस्टम, दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएँ, पार्किंग सहित आधुनिक यात्री सुविधाएँ उपलब्ध हैं। मालवा एवं सोमनाथ एक्सप्रेस के ठहराव से हजारों यात्रियों को लाभ मिलेगा और भोपाल जंक्शन पर यात्री दबाव कम होगा। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश में 1.18 लाख करोड़ से अधिक की रेल परियोजनाएँ प्रगति पर हैं। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 80 स्टेशनों का पुनर्विकास, शत-प्रतिशत रेल विद्युतीकरण प्रदेश में रेल विकास को नई गति दे रही हैं।
इन दोनों महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों के निशातपुरा स्टेशन पर ठहराव से भोपाल एवं आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को आवागमन में बेहतर सुविधा मिलेगी। यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त यात्रा एवं समय की आवश्यकता कम होगी, जिससे समय और खर्च दोनों की बचत होगी। साथ ही, क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी और अधिक मजबूत होगी।
