जबलपुर। ग्वारीघाट थाना क्षेत्र स्थित बिग बाजार साउथ एवेन्यू मॉल के समीप शुक्रवार सुबह एक साइकिल दुकान के टपरे में भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों और पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला। घटना की जानकारी मिलते ही दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची लेकिन तकनीकी खराबी के कारण वह काम नहीं कर सकी। दमकलकर्मियों को बाल्टी से पानी डालकर आग बुझाने का जद्दोजहद करते देख नागरिकों ने स्वयं मदद की और आग को फैलने से रोक लिया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। सहायक फायर अधीक्षक का दावा है कि उनके विभाग ने ही आग पर पूरी तरह से काबू पाया है।
दमकल विभाग की नाकामी पर उठे गंभीर सवाल
घटना के दौरान पहुंची दमकल गाड़ी की तकनीकी खराबी ने नगर निगम के फायर विभाग की कार्यप्रणाली पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि स्टेशन से गाड़ियों को रवाना करने के पहले उनकी फिटनेस की जांच नहीं की जाती है। यदि समय रहते नागरिकों ने तत्परता नहीं दिखाई होती, तो आग मॉल तक पहुंच सकती थी। लोगों का कहना है कि खराब और अनुपयोगी दमकल वाहनों को आपात स्थिति में भेजना जनता की जान के साथ खिलवाड़ है। ऐसी लापरवाही भविष्य में किसी बड़ी जान-माल की हानि का कारण बन सकती है। नागरिकों ने मांग की है कि फायर ब्रिगेड के सभी वाहनों की नियमित तकनीकी जांच हो और दोषी कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए। आग बुझाने के बाद स्थानीय लोगों ने एक स्वर में प्रशासन से सुधार की मांग की है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दमकल गाड़ी के मौके पर पहुंचने के बाद भी उसका चालू न होना विभाग की गंभीर उदासीनता को दर्शाता है। जनता की सुरक्षा के लिए समर्पित विभाग को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी ताकि भविष्य में दोबारा ऐसी स्थिति न बने।
