पुलिस के अनुसार केसर बिहार कालोनी निवासी नवीन चतुर्वेदी आयुध निर्माणी खमरिया में कार्यरत है। नवीन के घर वॉशिंग मशीन खराब हो गई, जिसके चलते वे गूगल पर टेक्नीशियन का मोबाइल नंबर सर्च कर रहे थे। इस दौरान जो नम्बर मिला तो उसपर संपर्क किया गया। सामने वाले व्यक्ति ने वॉशिंग मशीन टेक्नीशियन का नंबर उपलब्ध कराने का झांसा दिया और उन्हें व्हाट्सएप पर जुडऩे को कहा। इसके बाद ठग ने व्हाट्सएप पर एपीके फाइल भेजकर नवीन से उस पर क्लिक करने को कहा। जैसे ही नवीन ने फाइल पर क्लिक किया, उनके मोबाइल की स्क्रीन पूरी तरह काली हो गई। स्क्रीन बंद होते ही बैकग्राउंड में लगातार मैसेज आने लगे, जिन्हें वह देख नहीं पा रहा था। आशंका होने पर पीडि़त ने तुरंत एसबीआई एटीएम पहुंचकर अपने बैंक ऑफ इंडिया (खमरिया शाखा) के खाते का बैलेंस चेक किया। उन्हें पता चला कि बिना किसी ओटीपी, पिन या अन्य गोपनीय जानकारी साझा किए बिना ही उनके खाते से 4 अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 99,590 रुपए निकाल लिए गए थे। मामले की लिखित शिकायत पर पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर अज्ञात साइबर अपराधियों की तलाश शुरू कर दी है।