मुंबई. भारतीय शेयर बाजार के लिए जुलाई की शुरुआत शानदार रही है। लगातार चौथे कारोबारी सत्र में बाजार में तेजी देखने को मिली। सेंसेक्स 78,000 अंक के स्तर को पार कर गया, जबकि निफ्टी भी 24,300 के ऊपर मजबूती के साथ कारोबार करता नजर आया। बीते चार कारोबारी दिनों में सेंसेक्स में 1,700 से अधिक अंकों और निफ्टी में करीब 528 अंकों की बढ़त दर्ज की गई है।
कारोबार के दौरान बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स 430.45 अंकों की बढ़त के साथ 78,194.36 अंक तक पहुंच गया। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी भी करीब 123 अंकों की तेजी के साथ 24,393.70 अंक के उच्च स्तर पर कारोबार करता दिखाई दिया।
आंकड़ों के अनुसार, 30 जून को सेंसेक्स 76,478.67 अंक पर बंद हुआ था। इसके मुकाबले चार कारोबारी सत्रों में इसमें 1,715.69 अंकों की तेजी दर्ज की गई। इसी अवधि में निफ्टी भी करीब 528 अंक मजबूत हुआ है।
बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आई गिरावट और भू-राजनीतिक तनाव कम होने के संकेतों से निवेशकों का भरोसा बढ़ा है। उनका मानना है कि कच्चे तेल के दाम युद्ध-पूर्व स्तर के करीब पहुंचने, ईरान और अमेरिका के बीच बातचीत की संभावनाओं तथा होर्मुज जलडमरूमध्य में स्थिति सामान्य होने से बाजार को समर्थन मिला है। यदि कच्चे तेल की कीमतों में आगे भी नरमी बनी रहती है तो शेयर बाजार में तेजी का सिलसिला जारी रह सकता है।
बाजार की इस लगातार तेजी का सबसे बड़ा फायदा निवेशकों को मिला है। बीते चार कारोबारी सत्रों में बीएसई का कुल बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) करीब 8.51 लाख करोड़ रुपये बढ़ गया। 30 जून को बीएसई का मार्केट कैप 4,74,09,896.10 करोड़ रुपये था, जो 6 जुलाई के कारोबार के दौरान बढ़कर 4,82,61,060.85 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। केवल सोमवार 6 जुलाई के कारोबारी सत्र में ही निवेशकों की संपत्ति में करीब 2.41 लाख करोड़ रुपये का इजाफा दर्ज किया गया, जिससे बाजार में निवेशकों का उत्साह और मजबूत हुआ।
