छिंदवाड़ा। छिंदवाड़ा में जुन्नारदेव थाना की अंबाड़ा पुलिस चौकी में पदस्थ नगर सैनिक दिलीप बाथे ने आज दोपहर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। चौकी में नगर सैनिक को फांसी के फंदे पर लटकते देख पुलिस कर्मियों में हड़कम्प मच गया। खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए, जिन्होने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम कर लिया है। पुलिस को पूछताछ में पता चला कि दिलीप बाथे पांच दिन से अपने घर नहीं गया था।
जानकारी के अनुसार दिलीप बाथे उम्र 55 वर्ष ड्यूटी खत्म होने के बाद चौकी में ही थे। उनका शव सबसे पहले चौकी में मौजूद कर्मचारियों ने फंदे पर लटका देखा। इसके बाद साथी नगर सैनिकों ने पुलिस अधिकारियों को सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएफएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। मौके पर पहुंचे परिजनों ने पुलिस अधिकारियों को बताया कि दिलीप बाथे पिछले पांच दिनों से घर नहीं गए थे। शुरुआती तौर पर उन्होंने ड्यूटी के दबाव की बात कही है। हालांकि, उन्होंने किसी पर कोई आशंका नहीं जताई है। जानकारी के अनुसार, दिलीप बाथे पिछले करीब 10 वर्षों से अंबाड़ा पुलिस चौकी में पदस्थ थे।
Tags
chhindwada